फर्जी अंकपत्र लगाकर कोटा लेने के आरोप में पुवायां थाने के गांव बढ़ेला के कोटेदार लताफत के खिलाफ सिंधौली थाने में कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
ब्लाक सिंधौली और थाना पुवायां के गांव बढ़ेला निवासी बुद्धिमान सिंह ने बताया कि उसने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि गांव पसियाखेड़ा के लताफत ने कक्षा आठ की टीसी लगाकर वर्ष 2004 में कोटा हासिल किया था। मामले की शिकायत डीएम से की गई तो एडीएम ने जांच कर टीसी को फर्जी पाया था और एसडीएम को आदेश कर 16 अप्रैल 2014 को कोटा निरस्त कर दिया गया। कोटेदार ने मंडलायुक्त के यहां अपील की, जिस पर मामले को फिर से एसडीएम के पास भेज दिया गया। इस बार लताफत ने हाईस्कूल का अंकपत्र लगाकर 12 अक्तूबर 2014 को कोटा बहाल करा लिया। जनसूचना के तहत जानकारी मांगे जाने पर पता चला कि हाईस्कूल का अंकपत्र फर्जी है। लताफत खां ने जानबूझ कर फर्जी अंकपत्र लगाकर कोटा प्राप्त किया है। तहरीर पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। एसपी को पत्र देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर उसने कोर्ट की शरण ली थी। कोर्ट के आदेश पर सिंधौली पुलिस ने लताफत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।