बवाल की आशंका से जलालाबाद ब्लॉक कार्यालय पर पुलिस बल तैनात
ब्लॉक प्रमुख पर बीडीओ की कनपटी पर तमंचा लगाने का आरोप
फर्नीचर तोड़ा, कपड़े और सरकारी अभिलेख फाडे़ का भी आरोप
गिरफ्तारी की मांग को लेकर ब्लॉक कर्मियों ने ठप रखा कामकाज
ब्लॉक प्रमुख और बीडीओ के बीच मंगलवार को हुए विवाद में पुलिस ने देर रात ब्लॉक प्रमुख समेत आठ-दस अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बुधवार को पूरे दिन गहमागहमी का माहौल रहा। बवाल की आशंका से ब्लॉक कार्यालय पर पुलिस बल तैनात रहा। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ब्लॉक कर्मियों ने बुधवार को कामकाज ठप रखा।
मालूम हो कि मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख गोपाल वर्मा और बीडीओ सुधीर कुमार के बीच विभागीय कार्यों को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख ने धक्कामुक्की कर उन्हें मारने का प्रयास किया था। बीडीओ ने थाना पुलिस को दी तहरीर में ब्लॉक प्रमुख गोपाल वर्मा पर आरोप लगाया कि वह उनसे नियम विरुद्ध कार्य के लिए दबाव बनाने लगे आपत्ति करने पर ब्लॉक प्रमुख ने उनसे हाथापाई कर दी और उनकी कनपटी पर तमंचा रखते हुए अपने 8-10 अज्ञात साथियों से कहा कि ‘इसको तब तक मारो जब तक यह मर न जाए।’ आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख व उनके साथियों ने कार्यालय में रखा फ र्नीचर तहस-नहस करते हुए सरकारी अभिलेख भी फाड़ डाले। इस दौरान उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया और बमुश्किल जान बचा पाए। पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख और उनके साथ आए 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 332, 353, 504, 506, 427, 307, 383, आदि में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर बुधवार को ब्लॉक से लेकर तहसील तक भारी गहमागहमी रही। बवाल की आशंका के चलते बुधवार को पूरे दिन ब्लॉक कार्यालय में एक एसआई समेत चार सिपाही तैनात रहे जबकि कर्मचारियों के न आने से वहां सन्नाटा पसरा रहा। अपने काम से आए ग्रामीण इधर-उधर भटकते देखे गए।
तो क्या बदली गई थी तहरीर!
ब्लॉक प्रमुख गोपाल वर्मा और बीडीओ के बीच हुए बवाल के बाद देर शाम कोतवाली पहुंचे बीडीओ सुधीर यादव की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में ब्लॉक प्रमुख गोपाल वर्मा पर आरोप लगाया था कि उन्होंने उनके साथ अभद्रता करते हुए थप्पड़ मारने के लिए दौड़े, लेकिन कुछ लोगों ने ब्लॉक प्रमुख को पकड़ लिया था। कहा, जो रिपोर्ट दर्ज हुई उसमें घटना क्रम को लेकर कई बिंदु नए आए है। कोतवाल केके चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।