बीओबी शाखा प्रबंधक की सरेराह की थी मारपीट
पुलिस की घेराबंदी से नहीं मिला बचने का ठिकाना
सिंधौली बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंधक अंकुर सैनी के साथ मारपीट के आरोपी पांच हजार के इनामी रमजान खां उर्फ रमजानी ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी को लेकर लगातार दबिशें दे रही थी। वह पुलिस की गिरफ्त से बचने को कोर्ट में पहुंच गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
सिंधौली क्षेत्र के गांव भटपुरा रसूलपुर निवासी रमजान खां पुत्र जाहिद खां उर्फ रमजानी ने अपने तीन-चार अज्ञात साथियों के साथ मिलकर 12 अप्रैल की शाम को पैना हाइडिल के पास बैंक ऑफ बड़ौदा सिंधौली शाखा प्रबंधक को सरेराह पीटकर बेदम कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में शाखा प्रबंधक की ओर से मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए, लेकिन वह पुलिस की नजरों से बचता रहा। सिंधौली थानाध्यक्ष डीसी शर्मा ने जब उसकी क्राइम हिस्ट्री खंगाली तो उस पर विभिन्न गंभीर धाराओं में 15 मुकदमें दर्ज निकले। थाना पुलिस ने गिरफ्तारी न हो पाने के कारण उस पर पांच इनाम की संस्तुति की, जिस पर डीएम, एसपी ने मंजूरी दे दी, लेकिन वह पुलिस के हाथ फिर भी नहीं आया। पुलिस ने उसके घर की कुर्की का नोटिस भी चस्पा किया था। पुलिस उसके घर के सामान की कुर्की की निश्चित तिथि ले पाती, इससे पहले उसने ही कोर्ट के सामने सरेंडर कर दिया। थानाध्यक्ष डीसी शर्मा ने बताया कि रमजान ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है, उससे घटना के संबंध में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। ताकि यह पता लग सके कि शाखा प्रबंधक से मारपीट में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।