थाना सदर बाजार क्षेत्र में खिरनीबाग चौराहा के पास सोमवार रात पापड़ की फेरी लगाने वाले मेवालाल की पिटाई और लाइसेंसी राइफल से फायरिंग करने के आरोपी सपा नेता पिंटू तिवारी और आदर्श मिश्रा के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी पिंटू तिवारी को थाने से ही जमानत दे दी। मामले में समझौते के प्रयास चल रहे हैं।
मोहल्ला खिरनीबाग सराय में रहने वाले मेवाराम के बेटे सोनू उर्फ शैलेंद्र चौधरी की ओर से दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि उनके पिता मेवालाल पापड़ बेचने को फेरी लगाते हैं। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह फेरी लगाकर घर आ रहे थे, तभी खिरनीबाग चौराहा के पास मोहल्ला महमंद जलालनगर में रहने वाले सपा नेता पिंटू तिवारी और मोहल्ला हुंडालखेल निवासी आदर्श मिश्रा ने शराब के नशे में बाइक से उनके पिता के ठेले में टक्कर मार दी। विरोध करने पर दोनों ने लात-घूसों और रायफल की बटों से पीटना शुरू कर दिया। पिंटू तिवारी ने लाइसेंसी रायफल से मौके पर दो फायर किए। फायर की आवाज सुनकर कार्यालय में मीटिंग कर रहे एसपी ने मौके पर फोर्स भेजा। पुलिस ने पिंटू तिवारी को रायफल के साथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में देर रात पिंटू तिवारी और आदर्श मिश्रा के खिलाफ धारा 323, 504, 506 और एसीएसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज हुआ। मंगलवार की सुबह आरोपी पिंटू तिवारी को थाने से जमानत छोड़ दिया गया। पुलिस ने पिंटू तिवारी की रायफल और बाइक को कब्जे में ले लिया है।
देर रात तक चलते रहे समझौते के प्रयास
फायरिंग की घटना के बाद पकड़े गए सपा नेता पिंटू तिवारी को छुड़ाने के लिए सपा नेताओं ने पूरी प्रयास किए। नेताओं ने वादी पक्ष को मनाने के लिए एक नेता को लगा दिया। जिसकी सह पर मामले में करीब-करीब दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसी के चलते मामले में जानलेवा हमले की धारा में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।