शाहजहांपुर। सोमवार देर रात एक राजनीतिक दल के नेता के एक करीबी ने रिलायंस थर्मल पॉवर के कर्मचारी को गोली मार दी। गोली उसके कमर के नीचे लगी। घायल को अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे बरेली के लिए रेफर कर दिया। घटना के पीछे रंगदारी का मामला बताया जा रहा है। थाना रामचंद्र मिशन के अंतर्गत रौसर कोठी निवासी अनुराग दीक्षित रिलायंस थर्मल पॉवर में सुपरवाइजर के पद पर तैनात है। अनुराग की किसी बात को लेकर गांव के ही संतोष सिंह से रंजिश चल रही है। संतोष भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक नेता का करीबी है। सोमवार रात अनुराग अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में संतोष ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया। और गाली गलौच करते हुए अनुराग को गोली मार दी। गोली उसके कमर के नीचे लगी। जिससे वह घायल होकर गिर गए। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक संतोष फरार हो गया। सूचना पर थाना प्रभारी केके तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अनुराग के परिवार वालों को सूचना दी। इस पर परिवार वाले भी पहुंच गए और अनुराग को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे। जहां से डॉक्टर ने उनकी हालत गंभीर बताकर बरेली के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पर शिक्षक विधायक संजय मिश्र भी पहुंचे। नायब तहसीलदार ने घायल अनुराग के कलमबंद बयान दर्ज किए। घटना की तहरीर दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।