रविवार रात नगर के मोहल्ला कोट में कच्ची शराब बेचने वालों में विवाद हो गया। गाली गलौज और मारपीट के बाद दोनों ओर से फायरिंग होने से मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
कोट मोहल्ले में दो लोग बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बेचने का काम करते हैं। दो दिन से दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। दोनों एक दूसरे की शराब छीन रहे थे। रविवार को भी एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की शराब छीन ली। इस पर दूसरे पक्ष के कई लोग मौके पर आ पहुंचे और विवाद शुरू हो गया। मारपीट के दौरान दोनों ओर से फायरिंग भी की गई। फायरिंग होने पर मोहल्ले के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर दोनों ओर से लोग भाग निकले।
खुटार एसओ जसवीर सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों ओर से लोग भाग गए। किसी भी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। मामले की जांच की जा रही है। फायरिंग की बात सही हुई तो कार्रवाई की जाएगी।