शहर के मोहल्ला झंडा कलां निवासी निजाकत खां की मौत के बाद इलाहाबाद बैंक की गोविंदगंज स्थित शाखा मेें उनके खाते से किसी ने धोखाधड़ी करके हजारों रुपये की जमा धनराशि आहरित कर ली। इस मामले में मृतक के बेटे ने पिता की मौत की सूचना देने पर भी उनका खाता बंद नहीं किए जाने पर बैंक की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए शाखा प्रबंधक को कानूनी नोटिस भेजा है।
दरअसल, झंडा कलां के निजाकत खां को अप्रैल 2013 में लकवा हो जाने के कारण उनके हाथ-पैरों ने काम करना बंद कर दिया। तभी से बीमारी के चलते वह बैंक खाते का संचालन नहीं कर पाए। आठ दिसंबर 2013 को बीमारी से उनकी मौत होने पर इसकी सूचना उनके पुत्र ताहिर खां ने बैंक को दे दी। इसके बावजूद खाता बंद नहीं किया और उसका संचालन जारी रहा। पिता द्वारा बैंक खाते में छोड़ी गई रकम पर दावा किए जाने के दौरान ताहिर को पता चला कि खातेदार की मौत के बाद एक बार एक हजार रुपये जमा हुए और दो बार में 61 हजार रुपये निकाल लिए गए।
अपनी पड़ताल जारी रखते हुए ताहिर ने जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत आवेदन करके शाखा प्रबंधक से खाते की वर्तमान स्थिति और जमा रकम के बारे में जानकारी मांगी तो मृतक खातेदार के साथ धोखाधड़ी जाहिर हो गई। आरटीआई आवेदन के जवाब में बैंक के सहायक महाप्रबंधक एवं केंद्रीय लोक सूचना अधिकारी एके दीक्षित ने यह भी स्पष्ट किया कि खाते में लेन देन को चेक बुक जारी की गई है और निजाकत खां के निधन से संबंधित सूचना बैंक को प्रस्तुत नहीं की गई है।