कस्बे में गुरुवार को गुब्बारे में गैैस भरने के दौरान धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। इससे पास खडे़ चाचा और भतीजा घायल हो गए। वहीं, गुब्बारा बेचने वाला अपनी बाइक और सिलेंडर को छोड़कर भाग गया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। साथ ही बाइक और सिलेंडर को कब्जे में ले लिया है।
समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। भोट थाना क्षेत्र के ग्राम भोट का मजरा निवासी वसीम सिलेंडर गैस से गुब्बारे फुलाकर बेचने का कार्य करता है। गुरुवार की सुबह आठ बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी पर वह बाइक से खौद थूनापुर मार्ग स्थित एक मदरसे के पास पहुंच गया।
उसने सिलेंडर में कार्बेट डालकर गैस से सिलेंडर भर लिया और गुब्बारों को फुलाकर एकत्र करने लगा। इस दौरान ग्राम खौदपुरा निवासी हिलाल 30 अपने दस वर्षीय भतीजे के साथ गुब्बारा लेने के लिए वहां पहुंच गया। बताते हैं कि वसीम गुब्बारे में गैस भर ही रहा था कि सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। आवाज सुनकर मौके पर भीड़ जुट गई।
इस दौरान हादसे में चाचा-भतीजा घायल हो गए। लोगों ने मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया और फटा हुआ सिलेंडर व बाइक को थाने ले गई। थाना प्रभारी मुकुंद मिश्रा ने बताया कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
उन्होंने बताया कि संभावना है कि वसीम ने सिलेंडर में कार्बेट निर्धारित मात्रा से अधिक डाल दी होगी। इसके कारण टंकी फट गई होगी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि घटनास्थल खाली जगह मैदान में है। अगर यह सिलेंडर भीड़ भाड़ वाली जगह पर फटता तो बच्चों के अलावा बड़ों के भी चोटें आतीं।