स्थानीय जिला परिषद इंटर कालेज में प्रधानाचार्य की कुर्सी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यहां आर्डर लिए दो-दो लोग प्रधानाचार्य पद के घूम रहे हैं।
कस्बे की जिला परिषद इंटर कालेज राजनीति का अखाड़ा बन गया है। इससे विद्यालय का शिक्षण कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लगभग नौ माह पूर्व कालेज के तत्कालीन प्रधानाचार्य सोहन सिंह को विभिन्न अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए प्रबंधक नीतू सिंह ने निलंबित कर दिया था और कालेज के वरिष्ठ अध्यापक आनंद कुमार को कार्यवाहक प्रधानाचार्य नियुक्त किया था। अपने निलंबन के विरुद्ध सोहन सिंह ने उच्च न्यायालय में याचिका योजित कर बहाली की न्यायालय से प्रार्थना की थी, लेकिन न्यायालय ने सोहन सिंह की एक न सुनी और उनकी याचिकायें रद्द कर दी। वहीं विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य आनंद कुमार भी हाईकोर्ट गए और उन्होंने न्यायालय में याचिका योजित कर कहा कि सोहन सिंह के ऊपर लगे आरोपों की जांच पूरी होने पर उन्हें प्रधानाचार्य पद पर कार्य करने दिया जाये। आनंद कुमार की रिट सं0 68078/2015 में न्यायालय ने कड़ा रूख अपनाते हुए विद्यालय प्रबंधक एवं डीआईओएस शाहजहांपुर को सोहन सिंह की अनियमितताओं की गहनता से जांच कराने को निर्देशित करते हुए कहा कि अगर सोहन सिंह पर आरोप सिद्ध होते हैं तो इन्हें सेवा से बर्खास्त किया जाये और इस प्रकरण की सुनवाई आगामी आठ फरवरी को न्यायालय में होगी। लेकिन आश्चर्य की बात है कि प्रबंधक नीतू सिंह ने 30 नवंबर को एक बहाली पत्र जारी करते हुए लिखा है कि सोहन सिंह पर लगाये गये आरोप सत्य पाये गये हैं। उसके बाद भी उन्हें प्रभारी प्रधानाचार्य के पद पर बहाल कर दिया गया। सवाल ये उठता है कि जब जांच में आरोप सही पाए गए तो सोहन सिंह के विरूद्ध कठोर कार्यवाही छोड़ उन्हें बहाली करना संदेह के घेरे में आता है। आखिर ऐसी मजबूरी प्रबन्धक के सामने क्या आ गई। इस गुटबाजी का असर शिक्षण कार्य पर पड़ रहा है जिससे अभिभावकों में रोष है।
000000000
आज मैं जिला पंचायत के चुनाव में व्यस्त हूं। हां मैनें सोहन सिंह को बहाली आदेश जारी किया है। मामला मेरे संज्ञान में है। जिला पंचायत के वित्तीय परामर्शदाता ने मामले की जांच की है। फाइल देखकर स्थिति जानूंगी।
नीतू सिंह, प्रबंधक जिला परिषद इंटर कालेज खुदागंज
00000000
जिला परिषद इंटर कालेज में आनंद कुमार प्रधानाचार्य हैं। मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय का जो आदेश होगा उसका पालन किया जायेगा।
कमलांकर पांडेय, डीआईओएस शाहजहांपुर।
00000000
जिला परिषद इंटर कालेज के प्रकरण की अभी मुझे कोई जानकारी नहीं है। विद्यालय पहुंचकर जानकारी करूंगा। प्रयास करूंगा कि विद्यालय की गुटबाजी समाप्त हो और शिक्षण कार्य प्रभावित न हो। विद्यालय हित के लिये सारे प्रयास करूंगा।
बाबू सिंह, जिला पंचायत सदस्य खुदागंज प्रथम।