खुद को पत्रकार बताने वाला और सोशल साइट्स पर सक्रिय रहने वाला जगेन्द्र सोमवार को आग से गंभीर रूप से झुलस गया। उसका आरोप है कि कोतवाली पुलिस ने उनके मकान की दीवार से कूदकर उनके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। उधर, शहर कोतवाल का कहना है कि एक मामले में उसके घर दबिश देेने गए थे। तभी जगेंद्र ने घर के अंदर से ही गाली-गलौज शुरू कर दी। फिर पेट्रोल छिड़कर आग लगा ली। उन्होंने पुलिस कर्मियों की मदद से दीवार से कूदकर दरवाजा खोलकर जगेंद्र को बचाया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी श्रीवास्तव ने जगेंद्र के बयान लिए। इस मामले में एसपी बबलू कुुमार ने एएसपी सिटी को जांच के आदेश दिए हैं। जगेंद्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ केजीएमयू रेफर कर दिया गया है।
आवास विकास में रहने वाले जगेंद्र सिंह इन दिनों वह राज्यमंत्री राममूर्ति वर्मा के खिलाफ खबरें लिखने को लेकर चर्चा में हैं। बरेली मोड़ स्थित आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले अमित प्रताप भदौरिया ने जगेंद्र और उनके साथी विनोद और अनुराग मिश्रा के खिलाफ 12 मई को जानलेवा हमले और अपहरण करने के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में कोतवाली पुलिस जगेंद्र की तलाश में थी।
जगेंद्र का आरोप है कि दोपहर करीब तीन बजे कोतवाली इंस्पेक्टर श्रीप्रकाश राय फोर्स के साथ दबिश देने उनके घर पहुंचे और दो पुलिस कर्मी दीवार फांदकर घर में घुस गए। पुलिस कर्मियों के दरवाजा खोलने पर कोतवाल भी अंदर आए। कोतवाल ने अपशब्द बोलने के साथ धमकी देते हुए कहा कि मंत्री के खिलाफ लिखते हो। इसके बाद पुलिस ने उनके ऊपर बोतल से पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
राज्यमंत्री पर गैंगरेप का आरोप लगाने वाली जगेंद्र की महिला मित्र ने बताया कि गैंगरेप के मामले की अदालत में चार मई को सुनवाई होनी है। इसी मामले में 31 मई की रात अमित भदौरिया, गुफरान और एक अन्य व्यक्ति उनके घर आया और मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में वह सोमवार को एसपी से शिकायत करने गई थीं। आरोप है कि शिकायत करने के बाद वह घर जाने को एसपी कार्यालय से निकली थीं, तभी कोतवाल ने गैंगरेप के आरोपी गुफरान के साथ उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और जगेंद्र के घर ले आए। गुफरान उनका हाथ पकड़े घर के पास खड़ा रहा और पुलिस कर्मियों ने दीवार फांदकर अंदर से दरवाजा खोला और जगेंद्र पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
कोतवाली में जगेंद्र के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। कोतवाली पुलिस ने दोपहर में जगेंद्र के घर में दबिश दी थी। इसी दौरान जगेंद्र ने आग लगा ली। जगेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ केसीएमसी में रेफर कर दिया गया है। इस मामले की जांच एएसपी सिटी को दी गई। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- बबलू कुमार, एसपी