दया की भीख मांगती रही रोशनी, नहीं पसीजा बेरहम पिता का दिल
किशन बोला, पापा ने ही जीजी को पीटकर मार डाला
पापा हमतो तुमारी गुड़िया, हमैं ना मारऊ...। पिता की पिटाई के बिलबिला रही रोशनी बार-बार उससे रहम की भीख मांग रही थी लेकिन हैवान लालू को उस पर जरा भी दया नहीं आई। घटना का चश्मदीद रोशनी का भाई किशन उस समय के मंजर को याद कर अब भी कांप उठता है।
किशन के अनुसार बुधवार दोपहर पानी देना भूल जाने पर पिता लालू घर आया और रोशनी को पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद पिता खोखे पर चला गया। शाम पांच वह फिर आया और डंडे, मुगरी से रोशनी को पीटने लगा। ‘पापा हमतो तुमारी गुड़िया, हमैं ना मारऊ....., पापा अब कबहूं गलती नाई हुइहै, हमैं बहुत चोट लगि रही हई।’ घायल रोशनी पिता से रहम की भीख मांगती रही लेकिन लालू को जरा भी दया नहीं आई। लालू के नशेड़ी और दबंग प्रवृत्ति का होने के कारण कोई पड़ोसी भी रोशनी को बचाने नहीं पहुंचा।
बहन का करुण क्रंदन सुनकर किशन शराब के नशे में धुत पिता के पैरों में लिपट कर बहन को छोड़ देने की गुहार करने लगा तो लालू ने उसे भी पीटना शुरू कर दिया। किशन मौके से भाग निकला और स्कूल में जाकर छिप गया। लालू ने घर का दरवाजा बंद कर रोशनी को फिर से पीटना शुरू कर दिया। लालू के हाथ तभी थमे जब रोशनी मरणासन्न होकर बेहोश हो गई।
आखिर निर्वस्त्र कैसे हुई रोशनी
मकसूदापुर/बंडा। लालू के पड़ोसी घटना के बाद रोशनी के निर्वस्त्र हालत में घर के अंदर पड़ी मिलने की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे दूसरे कपड़े पहनाए थे, जबकि पुलिस रोशनी के निर्वस्त्र मिलने की बात से इनकार कर रही है।
लालू के नशेड़ी, दबंग और झगड़ालू प्रवृत्ति का होने के कारण उसके परिवार के लोग बिलसंडा जाकर रहने लगे हैं। गांव भगवंतापुर में लालू अपनी पत्नी लाली, सौतेली पुत्री रोशनी, सौतेले पुत्र किशन और पुत्री परी के साथ रहता है। लालू की दबंगई के कारण गांव के लोग पुलिस और मीडिया के सामने कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं, लेकिन नाम नहीं छापने की बात कहने पर कुछ लोगों ने बताया कि पुलिस के पहुंचने पर रोशनी बेहोशी की हालत में निर्वस्त्र पड़ी हुई थी। पुलिस रोशनी को दूसरे कपड़े पहनाकर ले गई। सवाल यह कि है पिटाई के दौरान रोशनी को निर्वस्त्र क्यों किया गया। यह तथ्य भी गौर करने लायक है कि रोशनी के नाक पर गहरी चोट थी। नाक से खून बह रहा था। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान थे। लेकिन रोशनी केे मृत शरीर पर जो पकड़े हैं उन पर खून का एक भी धब्बा नहीं है। यह कैसे संभव है कि गंभीर चोटें लगने के बाद भी कपड़ों पर खून न लगे। पुलिस ने घर में पड़े मिले रोशनी के कपड़े कब्जे में क्यों नहीं लिए। आंगन में खून और पास में ही लकड़ी की मुगरी और एक पत्थर भी पड़ा हुआ था, पुलिस ने उसे भी कब्जे में नहीं लिया। यदि रोशनी निर्वस्त्र मिली थी तो इसका पंचनामा में जिक्र क्यों नहीं किया गया। एसओ महेंद्र सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने सभी पहलुओं पर बारीकी से गौर किया है। पुलिस के पहुंचने के समय रोशनी कपड़े पहने थी।
पत्नी बोली, मुझे भी निर्ममता से पीटना था
मकसूदापुर। लाली अपने साथ बच्चों को भी मायके ले जाना चाहती थी लेकिन लालू ने ट्रेन में भीड़भाड़ और घर पर खाना बनाने की दिक्कत होने का हवाला देकर रोशनी और किशन को नहीं ले जाने दिया। लाली को जब बेटी की मौत की खबर मिली तो वह बिलख कर रो पड़ी। अमर उजाला संवाददाता से फोन पर बातचीत में लाली ने बताया कि वह घर आने के लिए आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई है। बोली, नशेड़ी पति उसकी भी निर्ममतापूर्वक पिटाई करता था। एक साल पहले लाली के भाइयों ने लालू को चेतावनी भी दी थी कि यदि उसने लाली के साथ मारपीट की तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा देंगे। इसके बाद लालू ने पत्नी से मारपीट करना कम कर दिया। लाली ने कहा कि उसका पति सनकी है। जरा सी बात पर मारपीट पर उतारू हो जाता था। पति को सजा की बात पर लाली फूट फूटकर रोने लगी। बोली, बेटी मौत के मुंह में समा गई है और पति जेल चला जाएगा। ऐसे में वह दो बच्चों की परवरिश कैसे करेगी। यदि उसे पता होता कि पति उसकी पुत्री को मार देगा तो वह दोनों बच्चों को साथ ले जाती।
बेरहम पिता बोला, केवल झाड़ू से पीटा था
मकसूदापुर। लालू से जब घटना के बाबत बात की गई तो वह बोला कि पानी नहीं लाने के कारण उसने रोशनी को केवल झाड़ू से पीटा था। रोशनी की मौत कैसे हो गई औैर वह निर्वस्त्र कैसे हुई इसकी जानकारी उसे नहीं है। बेटी को इतने निर्मम तरीके से पीटने के सवाल पर वह बोला कि वह बिगड़ गई थी। उसकी बात नहीं सुनती थी। बेटा भी उसकी बात नहीं मानता है।
सिर में गंभीर चोट से हुई मौत
रोशनी के शव का पोस्टमार्टम किए जाने पर उसके शरीर के सभी हिस्सों में चोट के निशान थे, इसके अलावा उसके सिर में भी गंभीर चोट लगी थी, इसी वजह से उसकी मौत हुई है।