जेल की मोहर लगे पत्र से मांगी गई पांच लाख की रंगदारी
जेल अधीक्षक ने फर्जी मोहर बनाने की आशंका जताई
जिला जेल से पत्र भेजकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप कटरी किंग कल्लू के साथी नज्जू पर लगा है। पत्र पर जिला जेल की मोहर लगी हुई है। जेल प्रशासन इस मामले को आपसा विवाद के चलते किया गया नाटक मान रहा है।
थाना कांट क्षेत्र के गांव गुरथना निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख बलसिंह यादव ने बताया कि बीते 28 जून 2016 उन्हें एक पत्र प्राप्त हुआ है। जिसमें लिखा है कि तुम्हारे पर काफी खेती है और तुम्हारे दो लड़के सरकारी नौकरी कर रहे हैं। पत्र में एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ था कि मोबाइल नंबर वाले का नाम अनिल कुमार बताया गया। पत्र में लिखा गया है कि दो एकाउंट नंबर बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा विकास भवन के होंगे। जिसमें एक एकाउंट पप्पू के नाम और दूसरा एकाउंट अनिल का होगा। दोनों एकाउंट में ढाई-ढाई लाख रुपये डाल देना। अगर पुलिस में आने की कोशिश की तो तुम्हारे लड़के का अपहरण करा लूंगा। मैं जल्द ही जेल से छूटने वाला हूं। पत्र में नीचे लिखा हुआ था। नज्जू जिला कारागार शाहजहांपुर।
यह कोई नाटक कर रहा है
इस मामले में बल सिंह यादव जेल में आए थे। मैंने उनकी मुलाकात नज्जू से भी करवाई थी। नज्जू की राइटिंग का मिलान भी किया गया। इसके अलावा जेल में आने-जाने वाली डाक की भी पड़ताल कराई गई। मेरे अग्रसारित किए बगैर किसी बंदी का पत्र जेल से बाहर नहीं जा सकता है। यह हो सकता है कि किसी ने जेल की फर्जी मोहर बनाकर नाटक किया हो। बता दें कि हत्या के मामले में बल सिंह यादव और उनका बेटा आनंद जेल में रह चुका है। बल सिंह यादव की यहां से जमानत हो गई थी। आनंद जिस बैरक में रहता था, उसी में नज्जू भी रहता था दोनों के बीच कई बार नोकझाेंक हुई थी। इसलिए आनंद को बरेली सेंटर जेल शिफ्ट कर दिया गया था। बाद में उसकी वहां से जमानत हो गई।
- बृजेंद्र सिंह यादव, जेल अधीक्षक