रविवार रात गांव सरैंया स्थित एक मूंगफली व्यापारी की गोदाम में आग लग गई। व्यापारी का आरोप है कि आग गांव के ही जिला बदर अपराधी ने रंगदारी न देने पर गोदाम लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। उधर नामजद तहरीर दिए जाने के बाद भी पुलिस द्वारा रिपोर्ट न दर्ज ने करने पर तमाम व्यापारी सीओ आदेश कुमार त्यागी से मिले और रिपोर्ट न होने पर आंदोलन शुरू किए जाने की चेतावनी दी है।
मोहल्ला नौसारा के अवनीश कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी सरैंया रोड पर मूंगफली का कारखाना है। रविवार रात उसे फोन से गांव सरैंया के एक जिला बदर अपराधी ने फोन पर धमकाया कि उससे पैसे अभी तक नहीं मिले हैं और वह उसके कारखाने में आग लगा देगा। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक पुलिस पहुंची तब तक उसने कारखाने में आग लगा दी। आग लग जाने से उसके कारखाने में रखी मूंगफली व सौंफ जल जाने से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हो गया। व्यापारियों की सूचना पाकर मौके पर पहुंची अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उधर कोतवाल यतीन्द्र भारद्वाज ने बताया कि मौके पर जांच पड़ताल कर ली गई है और आरोपी के पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही। उससे पूछताछ के बाद ही अगली कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। यहां बता दें कि पूर्व में जिला बदर अपराधी होने के साथ ही आरोपी के खिलाफ एक मामले में मुकदमा दर्ज होने से पुलिस को उसकी तलाश है।