दिन दहाड़े कैंट एरिया में दो युवकों के साथ हुई घटना
शहबाजनगर रोड पर दोनों आरोपी बाइक से घूमते मिल गए
कैंट एरिया में बाइक सवार दो युवकाें ने दोपहर में15 मिनट के अंदर साइकिल सवार दो युवकों से कीमती मोबाइल छीन लिए और शाहबाजनगर रोड की तरफ भाग गए। इसके बाद दोनों युवक लुटेरों की तलाश में लगे थे। शाम लगभग चार बजे लुटेरे शहबाजनगर रोड पर दिख गए। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मोबाइल बरामद कर लिए हैं।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव मऊ खालसा के किशन कुमार ने बताया कि वह बुधवार दोपहर कैंट एरिया में मोबाइल पर बात करते हुए साइकिल से शहर आ रहा था। दोपहर लगभग एक बजे उसके पास से गुजरे बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसका साढ़े छह हजार कीमत का मोबाइल छीन लिया और भाग निकले। वहीं, गांव चिनौर निवासी आशीष कुमार ने बताया कि वह कैंट एरिया में आर्मी स्कूल गेट के पास था, तभी दोपहर लगभग 1.15 बजे उसके पास एक बाइक पर सवार दो लोग आकर रुके। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उससे यह कहकर साढ़े हजार रुपए कीमत का मोबाइल मांग लिया कि उसे अपने दोस्त से बात करनी है। उसने बताए गए नंबर डायल करके जैसे ही उसे मोबाइल दिया। तभी उन लोगों ने बाइक दौड़ा दी और भाग गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की सूचना दी। दोनो युवक लुटेरों की तलाश में लग गए। शाम चार बजे दोनोें निगोही रोड से शहबाजनगर की ओर जाने वाले रोड पर दिख गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। शहबाजनगर चौकी इंचार्ज केके शर्मा ने पब्लिक की मदद से दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तीन मोबाइल बरामद किए गए। चौकी इंचार्ज केके शर्मा ने बताया कि पकड़े गए लुटेरे सरायकाइयां निवासी रंजीत और धर्मेंद्र हैं। मामला दर्ज किया गया है।