रविवार को ससुराल जाने की बात कहकर घर से निकले युवक का मंगलवार को शारदा नहर से शव बरामद हुआ है। परिवार के लोगों ने बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया है।
क्षेत्र के गांव लक्ष्मनपुर गौंटिया निवासी अशर्फीलाल के 24 वर्षीय पुत्र कृष्णपाल की शादी दो साल पूर्व निगोही थाना क्षेत्र के गांव ईशापुर से हुई थी। छह माह पूर्व ससुराल वाले उसकी पत्नी को ले गए और बाद में विदा करने से इंकार कर दिया। रविवार को उसने पत्नी से फोन पर बात की तो उसने भी यहां आने से मना कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर कृष्णपाल रविवार को घर से ससुराल जाने की बात कहते हुए चला गया। दूसरे दिन जानकारी करने पर पता लगा कि वह ईशापुर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। मंगलवार को कुछ लोगों ने गांव भांभी के पास शारदा नहर में एक शव देखा। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। परिवार के लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कृष्णपाल के रूप में की। इसके बाद किसी भी कार्रवाई से मना करने पर पुलिस ने शव को परिवार वालों को सौंप दिया। शाम को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।