थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला बहादुरगंज में बुधवार रात छत पर चढ़कर चोरों ने सराफा की दो दुकानों में नकब लगा दी और यहां से लाखों की कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। वारदात की जानकारी सुबह लगी। सीओ सिटी ने सदर पुलिस, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। दोनों व्यापारियों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चौक निवासी कमलेश रस्तोगी की दुकान बहादुरगंज के सराफा मार्केट में हरद्वारीलाल कमलेश चंद्र सराफ के नाम से है। उनकी दुकान के पड़ोस में ही ग्यान रस्तोगी की दुकान केदारनाथ एंड संस ज्वैलर्स के नाम से है। दोनों व्यापारी रात में दुकान बंद करके घर चले गए। रात में किसी समय चोर दुकान के पीछे से छत पर चढ़ गए। चोरों ने दुकान में घुसने के लिए छत काट ली। चोरों ने कमलेश की दुकान से सोने-चांदी के लगभग सात लाख के जेवर चोरी कर लिए। ग्यादीन रस्तोगी की दुकान से भी लगभग तीन लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। सुबह जब कमलेश ने दुकान खोली तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। कुछ ऐसा ही हाल ग्यादीन की दुकान का था। दोनों व्यापारियों ने मामले की जानकारी साथी व्यापारियों को दी तो मौके पर भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर सदर इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह भी पहुंचे और जानकारी ली। फिर सीओ सिटी अवनीश्वरचंद्र श्रीवास्तव भी फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के साथ पहुंचे और मामले की जानकारी कर चोरों का सुराग लगाने के निर्देश दिए। खोजी कुतिया लूसी से कोई खास सुराग नहीं मिल पाया। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी व्यापारियों से वारदात की जानकारी ली। सदर पुलिस ने दोनों व्यापारियों की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
खुलासे को गठित की गईं चार टीमें
शहर के मुख्य बाजार में सराफा की दो दुकानों में हुई लाखों की चोरी के खुलासे को सीओ सिटी के निर्देशन में चार टीम गठित की गईं हैं। इनमें एक टीम इंस्पेक्टर, दो टीमें क्राइम ब्रांच और एक टीम सीओ के नेतृत्व में बनाई गई है।
चोरी की वारदात की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।- केबी सिंह पुलिस अधीक्षक, शाहजहांपुर।
तीन साल पहले भी इसी तरह हुई थी चोरी
शाहजहांपुर। सदर बाजार के बहादुरगंज मोहल्ले में जिस तरह चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे पुलिस का मानना है कि किसी भेदिए ने ही वारदात को अंजाम दिया है। व्यापारियों का कहना है कि तीन साल पहले भी इसी तरह ओम ज्वैलर्स की दुकान में चोरी की गई थी। वारदात को लेकर व्यापारियों में दहशत का माहौल है।