थाना रोजा के एक युवक की पत्नी ने मायके से आने से इंकार किया तो उसने कीटनाशक पी लिया, वहीं रिश्ते की साली से शादी के इंकार होने पर युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रोजा क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी 28 वर्षीय जगदीश कुमार की शादी छह साल पहले मोहल्ला मामूड़ी निवासी मीना के साथ हुई थी। दोनों के कोई संतान नहीं है। मीना पंद्रह दिन से मायके में थी। जगदीश उसे बुधवार को बुलाने गया था लेकिन उसने साथ चलने से मना कर दिया और वह मायके में ही रुक गई। इससे नाराज होकर जगदीश घर आया और उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोगों को जानकारी हुई, फिर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अब्दुल्लागंज निवासी एक युवक के संबंध रिश्ते की साली से हो गए। उसने शादी की उम्मीद में साली की हर मांग पूरी की और उसके परिवार के खर्चे भी पूरे करता रहा। बुधवार शाम को साली की मां ने उससे अपनी बेटी की शादी करने से इंकार कर दिया और उसे धक्का देकर घर से भगा दिया। इससे नाराज होेकर उसने घर आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहर खाने वाले दोनों युवकों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
महिला ने खाया जहर
शाहजहांपुर। जिला लखीमपुर खीरी के थाना पसगवां के गांव नकटी मकसूदपुर निवासी 22 वर्षीय ममता पत्नी सरजू ने परिवार में किसी बात से नाराज होेकर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया गया।