थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला महमंद जंगला में असलम उर्फ बॉबी ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी नाजो को जला दिया था। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार की सुबह नाजो ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला महमंद जंगला में रहने वाला असलम शराब पीने का आदी था। दस दिसंबर की रात असलम अपने घर मछली लेकर आया और पत्नी नाजो से पकाने को दे दीं। इसके बाद असलम घर में बैठकर शराब पीने लगा। मछली में मसाले डालने की बात को लेकर असलम नाजो की पिटाई करने लगा। विरोध करने पर असलम ने मिट्टी का तेल छिड़कर नाजो को आग लगा दी। चीखने-चिल्लाने पर मोहल्ले वालों ने पहुंचकर आग बुझाई और असलम को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था। गंभीर रूप से जली नाजो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। आरोपी असलम के खिलाफ उसके सगे भाई लाला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी असलम को जेल भेज दिया था।
00
पांच बच्चों की कौन करेगा देखभाल
असलम साइकिल चलाकर लोगों को सर्कस दिखाने का काम करता है। करीब 12 साल पहले असलम बिहार में साइकिल चलाने गया, जहां उसकी मुलाकात नाजो से हो गई थी। नाजो के परिवार वालों ने असलम से उसका निकाह कर दिया। असलम उसे अपने घर ले आया। असलम से नाजो के तीन बेटियां उज्मी, आफिया और आमिया तथा दो बेटे अफसार और अफसान हैं। नाजो की मौत के बाद अब इन बच्चों की परवरिश कौन करेगा, यह सवाल खड़ा हो गया है।