पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, पुलिस को दी तहरीर
विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो जाने के बाद पिता ने बेटी के ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मृतका की सास और पति को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तिलहर थाना क्षेत्र के गांव कपसेड़ा निवासी नरसिंह यादव ने बताया कि उसने अपनी 32 वर्षीय बेटी पूजा की शादी 15 वर्ष पूर्व थाना बंडा के गांव खड़पारी निवासी तौलेराम यादव के पुत्र रंजीत सिंह के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराल के लोग पुत्री को दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। बेटी के जानकारी देने पर उन्होंने तमाम बार पंचायत कराई लेकिन पुत्री का उत्पीड़न जारी रहा। शुक्रवार को पूजा की हत्या कर दी गई। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बीमारी से हुई पूजा की मौत
बंडा। गांव खंडपारी के तौलेराम, रंजीत, स्वामीदयाल, मंजीत सिंह, पूर्व प्रधान रामनरेश सहित गांव के तमाम लोगों ने बताया कि पूजा कई महीने से बीमार थी। स्थानीय इलाज के बाद उसका शाहजहांपुर में इलाज कराया गया। स्वास्थ्य लाभ नहीं मिलने पर पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में पूजा का उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। अस्पताल की एंबुलेंस से ही शव को घर लाया गया। मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाकर शव थाने लाकर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी।