सोमवार रात बुधुआना रोड पर सवारियों से भरी मैजिक और ट्रैक्टर-ट्रॉली में आमने-सामने की हुई टक्कर में करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस द्वारा घायलों को जिला अस्पताल ले जाते समय एक घायल की रास्ते में ही मौत हो गई।
मदनापुर क्षेत्र के गांव पहुरा निवासी 55 वर्षीय प्रेमपाल गांव के ही नक्षत्रपाल, श्रीपाल, बुधपाल, महेंद्र सिंह, नरेंद्र, जगपाल, रिषीपाल, सुरजीत तथा रक्षपाल के साथ जलालाबाद में बैनामा कराने आए थे। देर शाम काम कराने के बाद ये सभी वापस गांव के लिए टाटा मैजिक पर सवार होकर चल दिए। मैजिक मदनापुर के गांव मोहन्ना का अवधेश चला रहा था। बताते हैं कि करीब साढ़े आठ बजे जब टाटा मैजिक गांव पिपरिया तथा बुधुआना के बीच में था इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी टक्कर हो गई। इस हादसे में मैजिक के ड्राइवर समेत उक्त सभी लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये और वहां चीख पुकार मच गई इसके बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया। रास्ते में प्रेमपाल की मौत हो गई।