फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रक से कुचलकर मैजिक चालक की मौत, हंगामा

Sun, 29 Nov 2015 11:42 PM IST
शाहजहांपुर।
विज्ञापन
विज्ञापन
रोडवेज बस अड्डे से शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन वाले मार्ग पर तिराहे से निगोही जाने वाले मार्ग पर जलालनगर में रविवार सुबह साढ़े छह बजे ट्रक से कुचलकर मैजिक चालक नन्हे (40) की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने दुर्घटनाकारी ट्रक का टेंपो से पीछा किया, लेकिन असफल रहे। फिर मौके पर जुटी भीड़ ने सड़क पर शव को रखे हुए ही जाम लगा दिया। नो एंट्री जोन में रिश्वत लेकर ट्रकों को घुसने देने पर आक्रोश व्यक्त किया और मृतक के आश्रितों को सरकारी कोष से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। सूचना पाकर सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह, सीओ सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल यादव और सदर बाजार कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जेपी तिवारी मौके पर पहुंचे। आर्थिक सहायता दिलाने की विधिक प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिए जाने पर भीड़ शांत हुई और जाम खुलवाया जा सका।
विज्ञापन

मिली जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के पास के ही मोहल्ला गदियाना निवासी किशोर कटियार उर्फ नन्हे टेंपो और टाटा मैजिक चलाता था। रोजाना की भांति रविवार की सुबह रोडवेज स्टैंड पर जाने के लिए वह अपना मैजिक वाहन घर से लेकर निकला और जलालनगर में रोड किनारे अचानक गाड़ी रोकी और केबिन का दरवाजा खोलकर नीचे उतरा। तभी अशफाक नगर की ओर से तेजी से आ रहे ट्रक ने उसे साइड मारी और फिर ट्रक का पिछला पहिया जमीन पर गिरे नन्हे के सिर को कुचलते हुए चला गया। मौके पर ही नन्हे ने दम तोड़ दिया और सिर इतनी बुरी तरह कुचल गया था कि चेहरे की शिनाख्त कर पाना मुश्किल था। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और ट्रक का पीछा करने की कोशिश की तो ट्रक चालक ने स्पीड और बढ़ा दी। लोगों ने टेंपो से उसका काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
इधर, घटनास्थल पर जुटी भीड़ ने नो एंट्री जोन वाले निगोही मार्ग पर ट्रकों के प्रवेश कराने का आरोप पुलिस पर मढ़ते हुए आक्रोश व्यक्त करना शुरू किया। देखते ही देखते मार्ग से गुजर रहे वाहनों को रुकवा दिया और दोनों ओर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। सूचना पाकर फोर्स के साथ पहुंचे अधिकारियों ने काफी देर तक भीड़ को समझाने की कोशिश की। अंत में सिटी मजिस्ट्रेट ने मृतक के आश्रितों को कृषक दुर्घटना बीमा एवं अन्य सहायता मदों से यथासंभव आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा देकर भीड़ को शांत कराया। फिर ट्रैफिक सुचारु हो पाई।
विज्ञापन

000
शोक में डूबा गदियाना, परिवार में मातम
शाहजहांपुर। किशोर कटियार उर्फ नन्हें की मौत की सूचना से गदियाना मोहल्ले के लोग सन्न रह गए। जिसने भी सुना उसे सहसा इस बात पर यकीन ही नहीं हुआ। सुबह छह बजे वह तैयार होकर घर से निकला था। उसके मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम मच गया। पत्नी सरना देवी बदहवास सी हो गई, जबकि बच्चे सोनू, मोनू, दीपू और स्वाति को पड़ोसी गोद में लेकर ढांढस बंधाने में लगे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें