पुलिस की तरह लुक धारण करके लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को थाना सदर बाजार पुलिस ने क्राइम ब्रांच की मदद से पकड़ लिया। इन लुटेरों के पास से मोटर साइकिल, छह मोबाइल फोन, जैकेट और 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। इसका खुलासा एसपी राजेंद्र प्रसाद सिंह यादव ने पत्रकारों से हुई वार्ता के दौरान किया। इसके साथ ही उन्होंने इस घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार और प्रशस्ति देने की घोषणा भी की।
एसपी ने बताया कि हरदोई जिले के थाना शाहबाद का रहने वाला वीरेश उर्फ शिवा राठौर और जलालाबाद कोतवाली क्षेत्र में सादुल्लागंज का रहने वाला उसके रिश्तेदार उमेश को पकड़ा गया है। कहा इन दोनों पेशेवर अपराधियों ने लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। जलालनगर क्षेत्र में छोटी रेलवे लाइन के पास 17 जनवरी को शिक्षक बलदेव राजकपूर के साथ हुई लूट भी अपराधियों ने कुबूल की है। बताया कि शिवा लूटे हुए मोबाइलों की बिक्री उमेश से करवाता था। बताया कि इन दोनों ने करीब डेढ़ दर्जन वारदातों को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है।
एसपी ने कहा कि शिवा पर हरदोई क्षेत्र में गैंगेस्टर, लूट, बाइक चोरी, आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम सहित तमाम मुकदमे हरदोई जिले में भी दर्ज हैं। यहां वह अपने परिवार के साथ जलालनगर क्षेत्र में पानी की टंकी के पास रामनरेश पांडेय के यहां किराए पर रहता था। घटना का खुलासा करने वालों में क्राइम ब्रांच प्रभारी हिमांशु निगम, सदर बाजार थाना के प्रभारी निरीक्षक जेपी तिवारी, शंभू सिंह यादव, शाहनवाज खां, रणधीर कुमार आदि मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता के दौरान एएसपी सिटी राजेश कुमार और सीओ सिटी राजेश्वर सिंह मौजूद रहे।