बदमाशों के निशाने पर है पुवायां थाना क्षेत्र। सोमवार रात बदमाशों ने
सिमरा गांव की प्रधान कैलाश्री देवी समेत दो घरों धाबा बोला और लाखों का
माल लूट लिया। ग्रामीणों के पीछा करने पर बदमाश फायरिंग करके भाग गए।
सोमवार
रात पौने बारह बजे करीब दर्जन भर बदमाश बढ़ेली भीख गांव में केहर सिंह के
घर में घुस गए। अंदर पहुंचते ही बदमाशों ने केहर सिंह, उनकी पुत्रवधू
कमलजीत कौर, पौत्र नरवैल सिंह, नरेंद्र सिंह, जसवीर सिंह को बांधकर डाल
दिया। पुत्रवधू जसवीर कौर, पौत्री सर्वजीत कौर, परमजीत कौर, पुत्री मंजीत
कौर को एक चारपाई पर बैठा दिया। उनके पास खड़े होकर चार बदमाश निगरानी करते
रहे। बाकी बदमाशों ने घर में रखी सेफ तोड़कर सोने की दो अंगूठी, एक हार,
चार जोड़ी कुंडल, चांदी की दो जोड़ी पायल, 12 हजार रुपए और नए कपड़े लूट
लिए। लूटपाट के बाद बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी और चले
गए।
उसी रात लगभग एक बजे बदमाशों ने गांव सिमरा में प्रधान कैलाश्री
देवी के घर धावा बोला। घर के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे। प्रधान कैलाश्री
देवी के घर से बदमाश दो जोड़ी पायल, सोने की दो अंगूठी, हार, करधनी, खड़ुआ,
कीमती बर्तन, 17 हजार रुपए नगद ले गए। इसके बाद बदमाश वहीं के रामऔतार के
घर में घुसे। रामऔतार, उनके भाई सुंदरलाल, चंदन और नन्हें लाल एक ही घर में
रहते हैं। बदमाशों ने घर के बाहर सो रहे सुंदरलाल पर असलाह तान दिया और
जान से मारने की धमकी देकर दरवाजा खुलवा लिया। अंदर घुसते ही बदमाशों ने घर
मौजूद लोगों को बांधकर डाल दिया और लूटपाट शुरू कर दी। रामऔतार के कमरे से
हंसली, जेबरी, पायल, कंगन, टाप्स, सुंदरलाल के कमरे से सोने की चेन, झाले,
गुलशन पट्टी, पायल, दो हजार रुपए, नन्हेंलाल के कमरे से दो हजार रुपये,
चंदन के कमरे से कमरे से बिछुआ, पायजेब आदि माल लूट लिया। बदमाशों के गांव
से निकलते समय चंदन ने शोर मचा दिया, जिससे गांव वाले जाग गए। लोगों के
पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। विरोध में ग्रामीणों ने भी
फायरिंग की। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश
फरार हो चुके थे। डकैतों की तलाश में पुवायां थाना पुलिस के अलावा क्राइम
ब्रांच को भी लगाया गया है।
पुलिस ने गांव बढ़ेली भीख निवासी नरवैल
सिंह की ओर से डकैती की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जबकि गांव सिमरा के रंजीत
कुमार की ओर से चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी राजकुमार
यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सप्ताह भर पहले खुटार क्षेत्र में हुई थी वारदात
0
आठ सितंबर की रात बदमाशों ने खुटार के गांव सहारू निवासी सत्यपाल,
गंगाव्राम और गांव कढ़ैया के भगवानदीन, जगतराम के घर से नगदी, जेवर सहित
लगभग साढ़े पांच लाख रुपए की संपत्ति लूट ली थी। पुलिस ने सत्यपाल की ओर से
डकैती की रिपोर्ट दर्ज कर अन्य पीड़ितों के नाम इसी रिपोर्ट में शामिल कर
दिए थे। पुलिस अभी इस मामले का खुलासा नहीं कर सकी। खुटार की घटना के सात
दिन बाद डकैतों ने पुवायां के दो घरों में डकैती डालकर पुलिस को खुली
चुनौती दे डाली है।
पुलिस डकैतों के बारे में जानकारी जुटा रही है,
लेकिन अभी तक कोई खास जानकारी हाथ नहीं लग सकी है। पुराने अपराधियों पर भी
पुलिस की नजर है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, लेकिन डकैतों
के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लग सका।
बाइक सवार बदमाशों ने लूटी पांच हजार की नगदी
बंडा।
रायटांडा गांव के विजयपाल ने मंगलवार को नभीची स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से
पांच हजार रुपये निकाले। इसके बाद वह साइकिल पर और घर जा रहे थे।
नभीची-मोहद्दीनपुर मार्ग पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने विजयपाल को
रोका और तमंचा तानकार जान से मारने की धमकी दी। उनकी जेब में रखे पांच
हजार रुपए लूट लिए। इसके बाद बदमाश शोर नहीं मचाने पर धमकी देते हुए भाग
गए। बदमाशों के चले जाने पर विजयपाल ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जमा हो
गए, लेकिन तब तक लुटेरे भाग चुके थे। कुछ लोगों ने बाइक से बदमाशों का
पीछा भी किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।