बार संघ के पूर्व अध्यक्ष के घर पर पुलिस द्वारा दी गई दबिश के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में बृहस्पतिवार को नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे वकीलों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। वकील बार के पूर्व अध्यक्ष के घर दबिश के दौरान अभद्रता करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर रहे थे। वकील इस मामले में शुक्रवार को भी हड़ताल पर रहेंगे और डीएम, एसपी से मिलेेंगे। मालूम हो कि 26 अक्तूबर की रात बार संघ के पूर्व अध्यक्ष लालाराम शर्मा के घर पुलिस ने दबिश दी थी। आरोप है कि दबिश का कारण पूछने पर पुलिस ने लालाराम शर्मा से अभद्रता की थी। इसके विरोध में अगले दिन वकीलों ने कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा किया और तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। तहरीर में कहा गया था कि आधी रात के वक्त पुलिस के दबिश देने का जब लालाराम शर्मा ने कारण पूछा तो पुलिस कर्मियों ने उनसे और घर के अन्य सदस्यों से गालीगलौज की। बृहस्पतिवार तक इस मामले में कोई कार्रवाई न होने पर वकील फिर कोतवाली जा धमके और रिपोर्ट दर्ज कर उसकी कॉपी देने की बात कहते हुए इंस्पेक्टर शंकर लाल से भिड़ गए। काफी देर तक चली नोकझोंक के बाद भी कोई हल नहीं निकल सका। इस संबंध में बार अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने बताया कि शुक्रवार को वकीलों का शिष्टमंडल डीएम और एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग करेगा। यदि इसके बाद भी रिपोर्ट न हुई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सेंट्रल बार संघ के अध्यक्ष से भी वार्ता कर ली गई है तथा पुलिस कार्यशैली के विरोध में वकील शुक्रवार को न्यायिक कार्य नहीं करेंगे।