बरेली जा रहे दवा व्यापारी की कार असंतुलित होकर पेड़ से जा टकरा गई। इससे व्यापारी की मौत हो गई जबकि चालक और एक नौकर सहित साथ में गया बिजली मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सोमवार शाम चार बजे नगर के मोहल्ला बाजार निवासी दवा व्यापारी और कैमिस्ट एसोसिएसन के नगर अध्यक्ष 45 वर्षीय अरुण कुमार अग्रवाल उर्फ गुड्डू कार से चालक आसिफ उस्मानी और कमल निवासी मोहल्ला कोरियान के साथ दवाइयां लेने बरेली जा रहे थे। रास्ते में नगर के मोहल्ला आतिशबाजान निवासी राशिद खान पुत्र हबीब मिस्त्री भी उनकी कार में बैठ गए। बताते हैं कि जब कार बरेली के चौकी नकटियां के पास पहुंची, तभी अचानक किसी वाहन को बचाने के चक्कर में चालक से कार का बैलेंस बिगड़ गया और कार सामने खड़े एक पेड़ जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पेड़ में जा घुसा। इस कारण चालक और गुड्डू उसमें फंस गए। इस दुर्घटना को देखकर आसपास के लोग दौड़ पड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को कार का अगला हिस्सा काटकर निकाला और चारो लोगो को इलाज के लिए भेजा। अस्पताल में डाक्टर ने गुड्डू को मृत घोषित कर दिया जबकि उक्त तीनों लोग गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर मृतक के परिजन सहित रवि मल्होत्रा, रचित गुप्ता, मोहित गुप्ता, अशोक गुप्ता, सोनू, दिनेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, मिर्जा अज़ीम बेग, इलियास बेग, राजा, गुड्डू कुरैशी, शानू, सज्जन आदि पहुंच गए।