काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन में यात्री व टीटी के बीच मारपीट हो गई। टोल फ्री नंबर पर कॉल करने से मौके पर आरपीएफ और जीआरपी पहुंच गई। मामला टिकट में वसूली का सामने आने पर दोनों पक्ष एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराने को लेकर जीआरपी पहुंच गए। वहीं जीआरपी का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चल रही है। यदि तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। बुधवार रात 4258 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के कोच नंबर एसी-2 में चेकिंग चल रही थी। एक यात्री के पास जनरल कोच का टिकट था। इस पर टीटी ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि टीटी बिना रसीद दिए जुर्माना वसूल करना चाहते थे, जबकि यात्री का कहना था कि जो जुर्माना वसूल करो उसकी रसीद दो। इसी बात पर दोनों के बीच कहा सुनी होने लगी। आरोप है कि टीटी ने यात्री को थप्पड़ जड़ दिया। इससे कोच में हंगामा खड़ा हो गया। यात्री ने टोल फ्री नंबर पर अपने साथ हुई मारपीट की सूचना दे दी। फिर सूचना कंट्रोल के पास पहुंची। कंट्रोल की सूचना पर ट्रेन आनेे से पहले ही आरपीएफ और जीआरपी प्लेट फार्म पर पोजिशन में खड़ी हो गई। रात लगभग आठ बजे ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची, तभी आरपीएफ और जीआरपी ने एसी-2 कोच को घेर लिया। जब उसमें से यात्री और टीटी झगड़ते हुए बाहर निकले तब पता चला कि मामला टिकट चेकिंग का था। जीआरपी एसओ विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौते को लेकर बात चल रही है। यदि तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।