थाना सदर बाजार क्षेत्र शहबाजनगर रोड पर शांतिपुरम कॉलोनी के पास बुधवार की शाम मोबाइल शॉप के मालिक मनोज राना पर इमरान नाम के युवक ने पुराने विवाद को लेकर तमंचे से फायर कर दिया। पब्लिक ने इमरान को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी, इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक के पास से तमंचा बरामद हुआ है।
मनोज राना मोहल्ला रामनगर में रहता है। शहबाजनगर रोड पर उसकी मोबाइल शॉप है। शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपनी दुकान बंद कर रहे थे, तभी मोहल्ला नसरजई में रहने वाले इमरान ने मनोज को निशाना बनाते हुए तमंचे से फायर कर दिया। फायर की आवाज पर आसपास के लोग पहुंच गए। भीड़ ने इमरान को पकड़कर धुनाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इमरान के मुताबिक दो महीने पहले मनोज के परिवार की एक लड़की की स्कूटी से उसकी टक्कर हो गई थी। इसके बाद मनोज अपने साथियों के साथ उसकी पिटाई कर दी थी। इसके साथ ही उसकी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। मनोज के परिवार वाले स्कूटी में हुए नुकसान के 25 सौ रुपये मांग रहे थे। रोजाना उसके दरवाजे पर रुपये मांगने के लिए आ जाते थे। इसी बात से तंग आकर उसने गोली चला दी।