कांट-जलालाबाद रोड पर शनिवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आकर स्कूटी पर सवार चार वर्षीय दीपक की मौत हो गई। हादसे गंभीर रूप से घायल दीपक के पिता सर्वेश और चाचा श्रवण को बरेली रेफर कर दिया गया है। देर रात बच्चे के चाचा श्रवण की मौत हो गई।
जलालाबाद के मोहल्ला गांधीनगर निवासी सर्वेश कुमार के बेटे दीपक के दो दिन पहले कुत्ते ने काट लिया था। शनिवार को सुबह सर्वेश अपने विकलांग भाई श्रवण की स्कूटी से पत्नी मीरा के साथ बीसलपुर (पीलीभीत) में दीपक को देशी दवाई दिलाने गए थे। वहां से घर वापस आते समय कांट रोड पर बरेंडा गांव के पास श्रवण की स्कूटी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया। घायलों को जिला अस्पताल में भिजवाया गया, यहां डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। वहीं सर्वेश और श्रवण की हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर कर दिया। जहां श्रवण की देर रात बरेली के रास्ते में मौत हो गई। वहीं सर्वेश की पत्नी मीरा के मामूली चोट आई हैं।
दीपक की मौत से मीरा हुई बेसुध
हादसे के बाद मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। दीपक की जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। दीपक की मौत से मां मीरा बेसुध हो गई। पति सर्वेश और देवर श्रवण गंभीर से घायल हो गए। अस्पताल मेें अकेली मीरा दीपक का शव देखकर दहाड़े मारकर रो रही थी। दीपक की मौत और पति की हालत देखकर मीरा के मुंह से शब्द नहीं निकल पा रहे थे।