हरेवा कांड के विरोध में अनुसूचित जाति जनजाति महासंघ के संरक्षक जगदीश चंद्र ने पत्नी माया देवी के साथ शुक्रवार को घंटाघर के अंबेडकर पार्क में 24 घंटे का उपवास शुरू कर दिया। उनके साथ महासंघ के घटक संगठनों के कई पदाधिकारी भी उपवास पर बैठे। महासंघ ने 23 मई तक हरेवा की पीड़िताओं के पुनर्वास, शस्त्र लाइसेंस स्वीकृति, एएसपी ग्रामीण के निलंबन, मुआवजा भुगतान आदि बिंदुओं पर कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन का अगला चरण शुरू करने का निर्णय किया है।
इस मौके पर महासंघ के संरक्षक जगदीश चंद्र ने इस बात पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की कि हरेवा में दलित महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना में लिप्त लोगों पर कार्रवाई के लिए 18 मई को दिए ज्ञापन पर अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया। सह संयोजक राम सिंह ने बताया कि शनिवार को उपवास स्थल से कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च करके मुख्यमंत्री के नाम डीएम को ज्ञापन दिया जाएगा।
उपवास में डॉ. अंबेडकर मेमोरियल संस्थान, प्रबुद्ध चेतना समिति, भारतीय बौद्ध महासभा, भगवान बुद्ध विहार समिति, पंचशील वेलफेयर सोसाइटी, संत गाडगे उत्थान समिति, भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज, धोबी समाज, बेसिक शिक्षक कल्याण समिति, अनुसूचित जाति विद्यार्थी परिषद आदि संगठनों से जुड़े पूर्व विधायक चेतराम, भगवंत राम, महेंद्र सिंह दिनकर, बाबूराम भारती, सत्यदेव गौतम, मलिखान सिंह दिनकर, मोती लाल, महबूब हुसैन इदरीसी, कोमल, शशि, संध्या, कुसुम वर्मा, डॉ. ओरी लाल, अमर चंद्र जौहर आदि पदाधिकारी शामिल रहे।