हावड़ा-अमृतसर ट्रेन में सवार हो रही एक महिला का एक उचक्के ने हैंड बैग चोरी कर लिया। मामले की तहरीर दी गई है। गाजियाबाद के लोनी कस्बे की रहने वालीं मुन्नी देवी अपने पति वीरेंद्र कुमार के साथ शहर के मोहल्ला तारीन टिकली नई कालोनी में अपने पिता लालाराम के घर आईं थीं। रात लगभग नौ बजे वह पति के साथ ट्रेन में सवार होने के दौरान चोर ने उनका हैंड बैग ब्लेड से कट मारकर चोरी कर लिया। बैग में 12 हजार रुपये, एक साड़ी, दो एटीएम कार्ड और दो आईडी थीं। जीआरपी ने चोर का सुराग लगाकर मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है।