ट्रेनों और रेलवे स्टेशनाें पर चोरी, छिनैती, उठाईगीरी और जेब काटने वाले
दो बदमाश एनईएआर रेलवे स्टेशन से जीआरपी ने पकड़ लिए हैं। इनके पास से 15
मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इन बदमाशों का आपराधिक इतिहास भी है। पुलिस ने
विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
शनिवार
को जीआरपी एसओ जयशंकर सिंह को सूचना मिली कि कुछ बदमाश छोटी रेलवे लाइन
स्टेशन पर हैं। इस पर एसओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर
दोनों बदमाश भागने लगे लेकिन उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया गया। पूछताछ के
दौरान उनसे चोरी किए 15 मोबाइल फोन भी बरामद हुए।
एक बदमाश निगोही का
रहने वाला इरशाद है। इन दिनों शहवाजनगर के मोहल्ला खेड़ा में रह रहा था।
दूसरा उस्मान पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव गयासपुर का है।
वह दिलाजाक जलालनगर में रह रहा था। दोनों बदमाशों पर पहले से कई मुकदमे
दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान दोनों कई घटनाएं कुबूल की हैं। जीआरपी के
मुताबिक दोनों ही बदमाश स्मैक और गांजा का नशा करने के आदी हैं।