- थाना कांट क्षेत्र के गांव बहरी कुर्रिया से तीन सौ मीटर दूरी पर मिला शव
- शहर के मोहल्ला बाबूजई की रहने वाली थी दीक्षा वाजपेयी
- किशोरी की गर्दन में गोली लगने का निशान
- शव के पास मोबाइल, पर्स और कारतूस का खोखा मिला
थाना कांट क्षेत्र के गांव बहरी कुर्रिया के पास मंगलवार को गन्ने के खेत की मेढ़ पर करीब 16 वर्षीय किशोरी का शव पड़ा मिला। किशोरी की गर्दन पर गोली का निशान है। शव के पास ही कारतूस का खोखा पड़ा मिला है। किशोरी की शिनाख्त शहर के मोहल्ला बाबूजई निवासी दीक्षा वाजपेयी के रूप में हुई है।
दोपहर करीब चार बजे गांव बहरी कुर्रिया से दक्षिण दिशा की तरफ गांव से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर ग्रामीणों ने एक किशोरी का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कुर्रिया कलां पुलिस चौकी में दी। चौकी से कांट थाने को घटना की सूचना दी गई। कांट थाने की ज्यादातर फोर्स की ड्यूटी पुवायां में राहुल गांधी के कार्यक्रम में लगी हुई है। एसआई आरके शर्मा को टीम के साथ घटनास्थल पर भेजा गया। शव मिलने की सूचना के बाद से आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण किशोरी का शव देख चुके हैं, लेकिन उसके शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। किशोरी के गर्दन के आगे की तरफ गोली लगने का निशान है। शव के पास पर्स, एनड्रायड मोबाइल और 315 बोर कारतूस का खोखा मिला है। किशोरी के पास मिले मोबाइल की बैट्री डिस्चार्ज थी। बाद में पुलिस ने मोबाइल चार्ज करके पापा लिखे नंबर पर फोन किया तो किशोरी की शिनाख्त कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाबूजई निवासी दीक्षा वाजपेयी पुत्र अवधेश वाजपेयी के रूप में हुई है। अवधेश वाजपेयी ने शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की है।
घर से कोचिंग के लिए निकली थी
अवधेश वाजपेयी जल निगम में कर्मचारी हैं। उनकी बेटी दीक्षा जीजीआईसी स्कूल में इंटर की छात्रा थी। दिन में करीब एक बजे मां नन्हीं से कोचिंग जाने की कहकर घर से निकली थी। उसने चलते समय यह भी कहा था कि वह कोचिंग के बाद सहेली के घर जाएगी, इसलिए लेट हो जाएगी। घटनास्थल पर पहुंचकर अवधेश वाजपेयी ने बताया कि यहां से एक किलोमीटर दूर गांव पल्हिउरा उनकी बड़ी बेटी आकांक्षा की ससुराल है। उन्होंने दो साल पहले आकांक्षा की शादी गांव के विकास तिवारी से की थी।
बहन की ससुराल से जुडे़ हो सकते हैं हत्या के तार
जिस स्थान पर दीक्षा का शव मिला है। वहां से करीब एक किलोमीटर दूर दीक्षा की बड़ी बहन आकांक्षा की ससुराल है। घटनास्थल को देखकर ऐसा लग रहा है कि दीक्षा किसी जान पहचान वाले से बात कर रही थी और बात करते-करते उसे किसी ने गोली मार दी। दीक्षा सहेली के घर का बहना करके किसी से मिलने निकली थी। घटनास्थल पर उसकी कोई बातचीत हुई और उसे लेकर आए युवक ने गोली मार दी। पुलिस भी अनुमान लगा रही है कि बहन की ससुराल से दीक्षा की हत्या के तार जुड़े हो सकते हैं।
किशोरी की हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उसके मोबाइल की डिटेल निकलवाई जा रही है। परिवार के लोग अभी कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है।
- रजी अहमद, कांट एसओ