कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को निगोही रोड से 12 हजार लीटर केरोसिन आयल भरा टैंकर बरामद कर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करते रहे फिर कबूल कर लिया कि वह चोरी के तेल का कारोबार करते हैं।
आरोपी पहले कह रहे थे कि उनका टैंकर से कोई लेना देना नहीं है। वे कोतवाली में टैंकर के संबंध में जानकारी करने आए थे लेकिन पुलिस ने बैठा लिया। बाद में पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि वह बंथरा डिपो के पास टैंकर भरा कर आ रहे चालकों से वह सस्ते दामों में चोरी का केरोसिन आयल, पेट्रोल और डीजल खरीदते हैं और उन्हें बाजार में लेकर बेच देते हैं। टैंकर से कोई कागजात नहीं मिले हैं। हालांकि अभी तक की जांच में टैंकर बंथरा क्षेत्र के किसी सुनील का बताया जा रहा है। दोनों आरोपियों का कहना है कि बंथरा के पास स्थित एक फिलिंग स्टेशन से वह टैंकर में नौ हजार लीटर डीजल और तीन हजार लीटर पेट्रोल ले कर आ रहे हैं। उसे निगोही के मुड़िया के पास स्थित फिलिंग स्टेशन ले जा रहे थे। कोतवाल अरुण सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर करीब एक बजे बंथरा से बख्तियारपुर होते हुए निगोही जाने वाले मार्ग पर टैंकर को रोका तो 12 हजार लीटर केरोसिन आयल बरामद हुआ। टैंकर से सुखप्रीत सिंह तथा चालक जोधपुर नवदिया निवासी विश्वनाथ को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दो अन्य चकमा देकर फरार हो गये। आरोपियों से पूछताछ हो रही है। अभी तक की पूछताछ में केरोसिन आयल की चोरी और कालाबाजारी का मामला सामने आ रहा है।