जैतीपुर थाना क्षेत्र के नाबाद मोड़ स्थित एक झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने से फतेहगंज पूर्वी के गांव मानपुर तिलोक के पूर्व प्रधान 72 वर्षीय रामभरोसे सिंह यादव की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर झोलाछाप के क्लीनिक पर पहुंचे परिवारवालों का शव देखते ही कोहराम मच गया।
सोमवार की देर शाम पूर्व प्रधान अपनी बाइक से नाबाद मोड़ गए थे। इसी दौरान उन्हें अपने सीने में कुछ दर्द महसूस हुआ, जिस पर वह नाबाद मोड़ स्थित एक झोलाछाप के क्लीनिक पर पहुंचे और अपनी परेशानी बताई। आरोप है कि झोलाछाप ने उन्हें इंजेक्शन लगाया, जिससे उन्हें तेज पसीना आ गया। हालत बिगड़ते देख उसने ग्लूकोज चढ़ाने का इंतजाम किया तब तक प्रधान की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने परिजनों को खबर दी तो उनका पुत्र जगदीश यादव व अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। जगदीश ने बताया उनकी हालत के बारे में वहां मौजूद लोगों ने बताया था और उसके पिता की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। इस कारण उसने झोलाछाप के खिलाफ कोई कानूनी कार्यवाही नहीं की। क्षेत्र के सतेंद्र सिंह यादव, रणविजय सिंह, भंवर पाल, सत्यपाल, सोनपाल, नेत्रपाल, देवराज, रमेश, कल्याण आदि ने उनकी मौत पर शोक जताया है।