होली के मौके पर खान-पान की वस्तुओं में मिलावट रोकने को डीएम के निर्देश पर सैंपलिंग अभियान में जुटी खाद्य सुरक्षा विभाग के अफसरों की टीम को जेल रोड पर जलालत का सामना करना पड़ा। एक मिठाई विक्रेता ने नमूना लेने का प्रयास करने पर एक अफसर को बंधक बना लिया। टीम के अन्य अधिकारियों ने व्यापारियों को इकट्ठा होते देख वहां से निकलना चाहा तो व्यापारी ने हथौड़ा लेकर उन्हें दौड़ाते हुए एक अफसर को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। हालांकि, बाद में पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट विजय शंकर दुबे ने हमलावर व्यापारी की दुकान से मिठाई का नमूना सील कराया। इस मामले में आरोपी व्यापारी समेत उसकी पत्नी और बेटे के खिलाफ थाना सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहीत अधिकारी टीआर रावत ने नमूने लेने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामजी शुक्ला, जयपाल सिंह और अनिल गंगवार को शाहर में विभिन्न स्थानों पर भेजा था। टीम ने सेहरामऊ दक्षिणी के लालता प्रसाद से दूध, एमनजई जलालनगर के किराना व्यवसायी रामप्रसाद के प्रतिष्ठान से आटा, रौसर निवासी मिठाई विक्रेता भगवान दयाल से पेड़ा, मिश्रीपुर के राजेंद्र प्रसाद से बरफी और बहादुरगंज में स्कंद स्वीट हाउस से लौंज के नमूने लिए।
सारे नमूने सील कराने के बाद अफसरों की टीम जेल रोड पर कृष्णानगर कालोनी के पास मिठाई विक्रेता विजय कुमार की दुकान पर पहुंची। अफसरों ने छेना का सैंपल लेना चाहा, लेकिन व्यापारी अभद्रता करने लगा। आरोप है कि अफसरों ने तेवर दिखाए तो व्यापारी ने अपने अन्य साथी बुलाकर टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी जयपाल सिंह को बंधक बना लिया।
व्यापारी के इरादे नेक नहीं देख अफसरों ने वहां से निकलने में भलाई समझी, लेकिन व्यापारी विजय ने हाथ में हथौड़ा लेकर टीम को दौड़ा लिया। फायर स्टेशन के पास व्यापारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामजी शुक्ला को पकड़कर उन्हें पीटना शुरू कर दिया तो जेल रोड पर मजमा लग गया।
इस बीच, टीम से फोन पर अभद्रता की जानकारी पाकर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीपी सिंह ने वस्तु स्थिति से सिटी मजिस्ट्रेट को अवगत कराया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर जाकर विजय कुमार की दुकान से छेना रसगुल्ला का नमूना सील कराया। इस मामले में सीएफओ रामजी शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी व्यापारी विजय कुमार, उसकी पत्नी प्रीति और बेटे विक्रम के खिलाफ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने व्यापारी के बेटे विक्रम को गिरफ्तार कर लिया है।