एक बार फिर भावलखेड़ा गांव की नेहा जैसी घटना होने बच गई। सोमवार को दो दबंगों ने पहले सरे राह एक किशोरी से छेड़छाड़ की, फिर शिकायत करने पर गुस्साए दबंगों ने घर में घुसकर उसकी आबरू पर हमला बोल दिया। इससे किशोरी घायल हो गई है। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
कस्बे की एक महिला एक पॉप्स फैक्ट्री में मजदूरी करती है। सोमवार को उसके घर के सामने रहने वाले दो दबंगों ने उसकी 15 साल की बेटी को अश्लील गाने और वीडियो दिखाने का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि जब दबंग के घर पर शिकायत की गई तो रात दस बजे दोनों दबंगों ने घर में घुसकर उसकी बेटी को निर्वस्त्र करने की कोशिश की।
इस मामले में पीड़िता ने थाना और तहसील दिवस में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने की मांग की है, लेकिन तहसील दिवस की आदेशित तहरीर न आ पाने के कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। कार्यवाहक प्रभारी मो. इश्तियाक ने बताया कि तहसील दिवस का कागजात अभी प्राप्त नहीं हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि 11 अप्रैल को थाना क्षेत्र के भावलखेड़ा गांव में इसी तरह पहले नेहा को छेड़ा गया था। विरोध करने पर आरोपी ने उसके ऊपर आग लगाकर जिंदा जला दिया था। इसमें पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी। यदि इस मामले में समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो मामला आगे गंभीर हो हो सकता है। मोहल्ले में इस घटना को लेकर तनाव बना हुआ है।