थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला कंटिया टोला में बृहस्पतिवार की सुबह संदिग्ध हाल में किराए के मकान में गोली लगने से मरी छात्रा की पोस्टमार्टम संबंधी डुप्लीकेट रिपोर्ट शुक्रवार को तफ्तीश में जुटी पुलिस को मिली। इसमें मौत की वजह फायर आर्म इंजरी लिखी है और यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि गोली सिर में किधर से लगी। पुलिस को अब फारेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है ताकि यह तय हो सके कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। मौके से और लाश के शरीर व कपड़े से फारेंसिक टीम के सदस्यों ने कई साक्ष्य वाले नमूने जांच के लिए भरे थे। इस बीच पोस्टमार्टम के पास शव को लेकर परिवारजन निगोही चले गए और वहीं शुक्रवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मौके से गायब तमंचा परिवारवालों द्वारा छुपाए जाने का अंदेशा है लेकिन तफ्तीश में इसकी पुष्टि करने से पहले पुलिस कुछ भी टिप्पणी करने से बच रही है। शुक्रवार को शोकाकुल परिवारजनों से कोई पूछताछ नहीं की गई। बता दें कि निगोही क्षेत्र के गांव बरैंचा में रहने वाले काश्तकार रामानंद तिवारी का बड़ा बेटा आकाश तिवारी एसएस कॉलेज से लॉ कर रहा है। उससे छोटी बहन पूर्ति तिवारी आर्य महिला डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है जबकि उससे छोटी 17 वर्षीय प्रीती आर्य महिला इंटर कॉलेज में कक्षा 11 वीं की छात्रा थी और सबसे छोटा भाई अभिषेक होली एंजिल इंटर कॉलेज में कक्षा पांचवीं का छात्र है। ये कटियाटोला में नंदकिशोर खंडेलवाल के मकान में किराए पर रहते हैं। बुधवार को आकाश पूर्ति और प्रीती को छोड़कर गांव चला गया था। सुबह पूर्ति का पेपर था, जबकि प्रीती का रिजल्ट मिलना था। प्रीति मोहल्ले की अपनी सहेली प्रियांसी के साथ स्कूल परीक्षाफल लेने गई थी। प्रीती अंग्रेजी और हिन्दी में फेल हो गई थी। उसने अपना परीक्षाफल प्रियांसी को देते हुए कहा कि नंबरों के बारे में उसके माता-पिता को नहीं बताए। इसके बाद वह अकेली घर चली आई। करीब आधा घंटे बाद प्रयांसी परीक्षाफल देने के लिए प्रीती के घर पहुंची तो वह कमरे के अंदर स्टोर में खून से लथपथ मृत पड़ी हुई थी और सिर पर भेजे वाले हिस्से का चीथड़ा उड़ गया था। फिर सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृत छात्रा के पिता बेटी के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध कर रहे थे लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम कराया ताकि मेडिकल तौर पर मौत की वजह प्रामाणिक तौर पर पुष्ट हो।
डुप्लीकेट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फायर आर्म इंजरी बताई गई है। अब फारेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार है। अभी मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर यह आत्महत्या का ही केस के रूप में दर्ज है। तफ्तीश जारी है। मृतका के भाई से फिर से पूछताछ की जाएगी और गायब तमंचा की बरामदगी पर भी फोकस है ताकि पूरी तस्वीर साफ हो सके। -- राजेश कुमार, एसपी सिटी।