कचहरी में मंगलवार को पेशी पर आए हिस्ट्रीशीटर बंदी के परिवार वालों को खाना खिलाने से मना करने पर बंदी ने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया। बंदी की पत्नी और मां भी पुलिसकर्मी से भिड़ गईं। कचहरी परिसर में तैनात पुलिस कर्मियों ने बमुश्किल अपने साथी को बचाया। पुलिस कर्मी ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बंदी अनिल गुप्ता ने जेल से निकलने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस बंदी को खींचकर चौकी की ओर ले जाने लगी तो वकील विरोध में आ डटे। इससे मामला और बिगड़ गया। बाद में सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत किया।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला निसरजई जलालनगर में रहने वाला हिस्ट्रीशीटर अनिल गुप्ता पिछले चार महीने से जानलेवा हमले के आरोप में बंद है। उसके ऊपर कई अन्य मुकदमें भी चल रहे हैं। मंगलवार को दिन में करीब पौने चार बजे अनिल सीजेएम कोर्ट में पेशी पर आया था। कोर्ट के बाहर बंदी को उसकी मां नन्हीं और पत्नी रेशमा उर्फ सोनी खाना खिलाने का प्रयास करने लगीं। अनिल की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी ने इसका विरोध किया तो वह भड़क गया। बताते हैं कि अनिल ने सिपाही पर हाथ चला दिया। वहीं बंदी की मां और पत्नी भी पुलिस कर्मी की वर्दी खींचने लगीं।
खबर लगते ही कचहरी की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने साथी पुलिस वाले को बंदी और उसके परिवार से बचाया। पुलिस कर्मियों को देखकर अनिल की मां नन्हीं और पत्नी रेशमा ने चीखना शुरू कर दिया। मौके पर वकीलों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस वाले बंदी को खींचकर ले जाने लगे तो वकीलों ने विरोध शुरू कर दिया।
कचहरी में हंगामे की सूचना मिलने पर थाना सदर बाजार पुलिस भी पहुंच गई। बंदी को पिटाई का कुछ वकीलों ने विरोध करने लगे। थाना सदर बाजार पुलिस किसी तरह से अनिल को कचहरी हवालात में पहुंचाया।
उसकी पत्नी रेशमा ने बताया कि वह अपनी सास नन्हीं के साथ अनिल को खाने खिलाना चाह रही थी। तभी एक पुलिसकर्मी ने उसे और उसकी सास को धक्का दे दिया। इसका विरोध करने पर पुलिस कर्मी ने अनिल की पिटाई शुरू कर दी।
घटना की खबर सुनकर एसपी और सीओ सिटी कचहरी परिसर में पहुंच गए। हमले का शिकार हुए पुलिस कर्मी ने थाना सदर बाजार में तहरीर दे दी है।
00
एक बार कचहरी से भाग चुका है अनिल
अनिल गुप्ता काफी शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ आसपास के जनपदों में कई मुकदमें दर्ज हैं। थाना सदर बाजार पुलिस ने उसे हिस्ट्रीशीटर घोषित किया है। इससे पहले 2012 में जेल से पेशी पर आया अनिल गुप्ता पुलिस सुरक्षा से भाग चुका है। इसलिए उसकी सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मी हमेशा चौकस रहते हैं।
00
15 दिन पहले भी एक बंदी ने भागने की कोशिश की थी
कचहरी में 24 फरवरी को जेल से पेशी पर आए मोहल्ला जलालनगर में रहने वाला अपनी हथकड़ी को खोलकर भाग निकला था, जिसे गेट के पास पुलिस कर्मियों ने पकड़ लिया था। बता दें इस समय एसपी कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे थे।