बृहस्पतिवार दोपहर झुलसी अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए तिलहर कस्बे के एक युवक ने कुछ लोगों पर रंजिशन जलाने का आरोप लगाया। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने उसे जलाने से पहले पिता और बहन को पीटा। बचाने पर उसे जला दिया। पुलिस ने जांचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मोहल्ला दिलाजाक निवासी 45 वर्षीय मोहम्मद इमरान ने बताया कि बुधवार सुबह 11 बजे उसके घर में एक युवक अपने दो सगे भाइयों के साथ घुस आया। उन लोगों ने उसके पिता वली अहमद, बहन शबनम को पीटना शुरू कर दिया। जब वह बचाने दौड़ा तो उन लोगों ने उसे पकड़ लिया और पिटाई के साथ ही उस पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी। इसके बाद वह भाग गए। उसकी चीखपुकार सुनकर मोहल्ले के युवक ने आकर आग बुझाई। पीड़ित ने बताया कि उसे अस्पताल पहुंचाने वाला कोई नहीं था, उसके पिता शरीर से कमजोर हैं। इसी वजह से वह न तो थाने जा पाया और न ही अस्पताल। उसने दिल्ली में रह रही भाभी काजल पत्नी इरफान को मोबाइल पर कॉल करके खबर दी। भाभी ने दिल्ली से आने के बाद उसे बृहस्पतिवार को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने बताया कि वह लगभग 45 प्रतिशत झुलसी अवस्था में है। वहीं तिलहर इंस्पेक्टर डीसी शर्मा ने बताया कि थाने पर अभी तक इस मामले में कोई शिकायत या तहरीर नहीं है, अस्पताल में उसके बारे में पता किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।