उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार को औषधि निरीक्षकों की टीम ने नगर के एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। इस दौरान बड़ी मात्रा में नकली व एक्सपायरी दवाइयां बरामद हुईं। टीम ने दो बोरों में दवाइयां भर कर सील कर दिया। औषधि निरीक्षक ने स्टोर स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना पुलिस को तहरीर दी है। छापामार कार्रवाई के दौरान नगर के मेडिकल स्टोर बंद रहे।
बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर संचालित होने की शिकायत पर सहायक आयुक्त औषधि गुलशन सेतिया ने मंडलीय औषधि निरीक्षकों की टीम गठित कर मेडिकल स्टोर की जांच पड़ताल के निर्देश दिए। मंगलवार अपराह्न करीब दो बजे नगर के बाजार विरियागंज स्थित फैज मेडिकल स्टोर पर औषधि निरीक्षकों की टीम ने अचानक छापा मारा। छापे की खबर फैलते ही नगर के तमाम मेडिकल स्टोर बंद हो गए। टीम में शामिल बरेली के औषधि निरीक्षक नवनीत कुमार, औषधि निरीक्षक उर्मिला वर्मा, पीलीभीत की औषधि निरीक्षक बबिता रानी व शाहजहांपुर के औषधि निरीक्षक देशबंधु विमल ने मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में नकली और एक्सपायरी दवाइयां बरामद कीं। टीम ने तीन दवाइयों को बतौर नमूने सील किया। जबकि अन्य दवाइयों को दो बोरों में सील कर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। औषधि निरीक्षक देशबंधु विमल ने बताया कि स्टोर पर मिले मो.सैफ पुत्र जान मोहम्मद लाइसेंस नहीं दिखा सके। तीन दवाओं के अधोमानक पाए जाने पर नमूने सील किये गए हैं तथा मेडिकल स्टोर पर अधिकांश दवाएं एक्सपायरी डेट की पाई गई। जिनमें 1998 तक की कुछ दवाएं शामिल हैं। प्रभारी थाना इंचार्ज रजी अहमद ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है जांच पड़ताल की जा रही है मामले की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।