हाईवे किनारे हरदोई बाईपास स्थित दुकान में हुई वारदात
दुकान के पीछे नकब लगाकर अंदर घुसे चोरों ने उड़ाई महंगी शराब की पेटियां
खोजी कुतिया लूसी भी नहीं लगा सकी चोरों का सुराग
नेशनल हाईवे किनारे आरसी मिशन थाना क्षेत्र के हरदोई बाईपास चौराहे पर अंग्रेजी शराब की दुकान में शनिवार रात चोरों ने पीछे से नकब लगा दी। यहां से चोर डेढ़ लाख कीमत की शराब की कई पेटियां उठा ले गए। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों की सुरागरसी के लिए खोजी कुतिया लूसी को भी लाया गया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
सेल्समैन पुष्कर जायसवाल ने बताया कि वह शनिवार रात लगभग साढ़े दस बजे दुकान बंद करके घर चला गया। रात में किसी समय चोरों ने दुकान के पीछे से नकब लगा दी और उसमें रखी कीमती शराब की कई पेटियां चोरी कर ले गए। रविवार सुबह वह दुकान खोलने पहुंचा तो दुकान खोलते ही पीछे की दीवार से रोशनी दिखाई दी, तब उसे पता चला कि चोरों ने नकब लगा दी है। दुकान में रखी अंग्रेजी शराब और बंद पेटियों पर नजर दौड़ाई तो कई पेटियां गायब थीं। सेल्समैन ने कंपनी के जीएम प्रवेश यादव को सूचना दी। जीएम ने दुकान पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और फिर पुलिस को सूचना दी। हाईवे किनारे शराब दुकान में चोरी की सूचना पर आरसी मिशन पुलिस डॉग स्क्वॉयड टीम के साथ मौका मुआयना करने पहुंची। खोजी कुतिया लूसी सूंघते हुए कुछ दूर तक गई और फिर वापस दुकान पर आ गई। जीएम ने बताया कि हरदोई बाईपास दुकान से लगभग डेढ़ लाख का माल चोरी हो गया है जिसमें महंगी शराब की बोतलें भी हैं।
दो माह पहले भी हो चुकी है चोरी
हरदोई बाईपास पर स्थित अंग्रेजी शराब की इसी दुकान में दो माह पहले भी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस अब तक चोरों का सुराग नहीं लगा पाई। इससे चोरों के हौसले बुलंद हो गए और फिर से दुकान को निशाना बना लिया।
दुकान से मात्र दो चार बोतलें ही चोरी हुई है। रात में सेल्समैन दुकान में नहीं था। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द से जल्द चोर पकड़े जायेंगे।
हरीश कुमार राजपूत, प्रभारी निरीक्षक आरसी मिशन