कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाला तिराही में बुधवार की रात एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में आग लग गई। आग में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
क्षेत्र के मोहल्ला बक्सारिया में रहने वाले राजीव रस्तोगी की मोहल्ला बाला तिराही में पेट्रोल पंप के पास साईं इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान है। बुधवार की रात करीब तीन बजे मोहल्ले वालों ने उनकी दुकान में घुआं निकलते देखा तो राजीव को फोन से सूचना दी। राजीव उस समय लखनऊ में थे। उन्होंने अपने भाइयों को दुकान पर भेजा। सूचना मिलने पर मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंच गई। फायर कर्मचारियों ने दुकान का शटर तोड़कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से दुकान में रखे साउंड सिस्टम, कूलर, पंखे, केबिल आदि सामान जल गया। दुकान मालिक राजीव के मुताबिक आग में करीब नौ लाख रुपये का नुकसान हो गया।
पेट्रोल पंप पास में होने की वजह से लोग रहे दहशत में
राजीव की दुकान पेट्रोल पंप के करीब है। आग लगने बाद मोहल्ले के लोग अपने-अपने घरों के बाहर आ गए। लोगों को डर था कि अगर पेट्रोल पंप के पास आग पहुंच गई तो आग पर काबू करना मुश्किल हो जाएगा। आग बुझने तक मोहल्ले के लोग दहशत में रहे।