मोदी सरकार के बड़बोले मंत्री गिरिराज सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने शनिवार को भाजपा कार्यालय के घेराव की योजना बनाई। कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से नारेबाजी करते हुए सदर चौराहे पर पहुंचे। इसके बाद जब वे गोविंदगंज की ओर बढे़ तो थाना सदर बाजार के प्रभारी निरीक्षक पुलिस फोर्स लेकर वहां जा पहुंचे और उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके विरोध में कांग्रेसियों ने थाना सदर बाजार जाकर अपनी गिरफ्तारी दी। हालांकि, बाद में पुलिस ने उन्हें बिना शर्त थाने से छोड़ दिया।
यूथ कांग्रेस के प्रांतीय आह्वान पर हुए प्रदर्शन में युवा कांग्रेसियों को शामिल होना था, लेकिन उनका मनोबल बढ़ाने के लिए महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सावित्री शर्मा भी संगठन की महिलाओं को लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंच गईं। उनका मनोबल बढ़ाने के लिए कांग्रेस केशहर अध्यक्ष तसनीम अली खां भी अपनी टीम के कई पदाधिकारियों के साथ वहां पहुंच गए। वरिष्ठ नेताओं का साथ पाकर युवा कांग्रेस के लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष अजय मिश्रा रिंकू और शहर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष फुरकन अहमद कुरैशी उत्साह के साथ कार्यकर्ताओं को लेकर नारेबाजी करते चल पड़े।
इसलिए भड़के कांग्रेस कार्यकर्ता
जुलूस सदर चौराहा से पुराने डीएसओ कंपाउंड में राजभवन स्थित भाजपा कार्यालय जाने को जैसे ही गोविंदगंज की ओर मुड़ा, सदर इंस्पेक्टर जेपी तिवारी और कचहरी चौकी के प्रभारी एसआई इंद्रेश कुमार कई सिपाही लेकर पहुंच गए और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस पर कांग्रेसी बिफर उठे और उनकी पुलिस से धक्का-मुक्की होने लगी। पुलिस का घेरा तोड़ने की कोशिश में जुटे प्रदर्शनकारियों को पकड़ने के दौरान चौकी इंचार्ज इंद्रेश की टोपी और बिल्ला जमीन पर गिर गया।
पुलिस को बचाव में देख धरने पर बैठे कार्यकर्ता
इस पर पुलिस बचाव की भूमिका में आई तो सेवादल के शहर अध्यक्ष संजीव गुप्ता समेत कई कांग्रेसियों ने रोड पर बैठकर धरना शुरू कर दिया और गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस वहां से उल्टे पांव थाने की ओर बढ़ी तो कांग्रेसी भी पीछे लपक लिए। थाने जाकर शहर अध्यक्ष तसनीम अली खां कार्यकर्ताओं के साथ अपनी भी गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। कांग्रेसियोें के तीखे तेवर देख सदर इंस्पेक्टर ने गिरफ्तारी देने वाले कार्यकर्ताओं की सूची ली और बाद में जगह की कमी बताकर सभी को रिहा कर दिया। प्रदर्शन में कृष्ण विनोद मिश्रा, प्रशांत कठेरिया, गीता पांडेय, जगदीश कुशवाहा, अदीब अहमद, गौतम कंचन, संजीव गुप्ता, हिमांशु दीक्षित, सुबोध श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।