लखनऊ से लौट रहे मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुधीर अग्रवाल सुबह 10 बजे के करीब रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। वह फुट ओवरब्रिज से होते हुए मालगोदाम की ओर बनी मजार के पास पहुंचे और वहां पर पुल को चौड़ा करने की बात कही। वहीं मालगोदाम के पास कार पार्किंग बनवाने के बारे में बात की। वहां से लाला तेली बजरिया की ओर पहुंचे, जहां साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। बाद में वह प्लेटफार्म एक पर पहुंचे, जहां बंद पड़े कोच डिस्प्ले के बारे में पूछा, तो स्थानीय रेलकर्मियों ने उसके सही होने के बात कही।
इसके बाद वह गेट से होते हुए स्टेशन के बाहर पहुंचे, जहां निजी वाहनों को खड़ा देखकर उनका पारा चढ़ गया और उन्होंने स्टेशन अधीक्षक एके गौतम से कहा कि ये वाहन अभी तक क्यों नहीं हटवाए गए हैं? ऐसा उन्होंने इसलिए कहा क्यों कि पिछले महीने में भी निरीक्षण के दौरान उन्होंने ये वाहन हटवाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पार्सल रूम का निरीक्षण किया। इसी दौरान फुट ओवरब्रिज को पार्सल रूम के ऊपर से गुजारते हुए बाहर तक ले जाने के बारे में भी बातचीत की।
इसके साथ ही डीआरएम ने वीआईपी रूम, बुकिंग, स्टॉफ रूम आदि सभी स्थानों की चेकिंग की। इसके बाद वह सियालदाह एक्सप्रेस से करीब ढाई बजे चले गए। इस दौरान सीएमआई एसके ठाकुर, सीएचआई त्रिलोकचंद्र, एचआई प्रीतम सिंह, आईओडब्ल्यू एमए सिद्दीकी आदि स्थानीय रेल अधिकारी मौजूद रहे।
सांसद ने रेलमंत्री को भेजा था पत्र
शहर के ‘ए’ ग्रेड रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण कराने के लिए सांसद कृष्णाराज ने रेलमंत्री को पत्र भेजा था। इसी के तहत स्टेशन का विस्तारीकरण कराया जा रहा है। इसी वजह से डीआरएम ने सबसे ज्यादा स्टेशन का विस्तार करने के बारे में विचार-विमर्श किया।
नरमू के पदाधिकारियों ने दिया शिकायती पत्र
विभिन्न समस्याओं को लेकर नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (नरमू) के पदाधिकारियों ने डीआरएम को शिकायती पत्र दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे आवासों की मरम्मत कराने, प्लेटफार्म चार और पांच पर टिन शेड डलवाने, स्टेशन मास्टरों के रिक्त पदों को भरे जाने सहित अन्य कई समस्याओं के निस्तारण की मांग की। इस मौके पर शाखा सचिव नरेंद्र त्यागी, राकेश मिश्रा, सुनील तिवारी, बीएस त्रिवेदी, एसपी चावला आदि मौजूद रहे।