थाना आरसी मिशन क्षेत्र के मोहल्ला ख्वाजा फिरोज में रविवार को दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं की पिटाई कर दी। विरोध करने पर दबंगों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला ख्वाजा फिरोज में रहने वाली रानी ने एसपी को दिए पत्र में बताया कि नौ सितंबर 2015 उनका बेटा अंशु गायब हो गया था। जिसका कोर्ट के माध्यम से अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस तफ्तीश में उसने कुछ लोगों पर शक जाहिर किया था। आरोप है कि रविवार को दिन में वही पांच-छह दबंग घर में घुस आए। घर में मौजूद पुत्रवधू मीना देवी और पुत्री पल्लवी की पिटाई कर दी। शोर सुनकर घर पहुंची रानी को भी दबंगों ने मारा। दबंगों ने धमकी देते हुए कहा कि उन्होंने उनके बेटे को गायब किया है। अगर पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई की तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। पीड़ित की शिकायत पर एसपी ने मामले की जांच कराने के आदेश दिए है।