वजीरगंज में विजय जुलूस निकालने से रोकने पर रविवार देर शाम वजीरगंज कस्बे में ग्राम प्रधान के समर्थकों ने पुलिस से मारपीट की। पुलिस ने बल प्रयोग कर जुलूस को रोक दिया।
पुलिस ने चार लोगों को मौके पर गिरफ्तार कर जुलूस में शामिल दो बाइक व एक चौपहिया गाड़ी को थाने लाकर सीज कर दिया।
इस मामले में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि समेत आठ लोगों को नामजद करते हुए 60 अन्य अज्ञात के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से मारपीट, बलवा, सरकारी काम में बाधा डालने, आचार संहिता उल्लंघन समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थानाध्यक्ष वजीरगंज अवधेशराज सिंह ने बताया कि चंदहा गांव की ग्राम प्रधान पद पर विजयी प्रत्याशी राजकुमारी यादव की जीत के बाद उनके प्रतिनिधि गुरु प्रसाद अपने समर्थकों के साथ रविवार देर शाम कस्बे में विजय जुलूस निकाल रहे थे।
इसकी जानकारी होने पर जब वह मौके पर पहुंचे और जुलूस निकालने से रोका तो गुरुप्रसाद, उनके साथी रसीद अहमद, पवन कुमार सिंह निवासी चड़उवा, महेश प्रताप सिंह, अवधेश सिंह निवासी बानेपुर, आनन्द प्रताप उर्फ रवि निवासी चड़उवा, पवन कुमार मौर्या अजब नगर व सुखराम निवासी करदा चौराहा व 60 अन्य लोग अभद्रता करते हुए पुलिसकर्मियों से मारपीट करने लगे।
एसओ ने बताया कि बल प्रयोग कर जुलूस को रोक दिया गया। मारपीट करने वाले आनंद प्रताप उर्फ रवि, पवन कुमार मौर्य, महेश प्रताप सिंह व सुखराम को गिरफ्तार कर लिया गया।
जुलूस में शामिल दो बाइक व एक सफारी गाड़ी को थाने लाकर सीज कर दिया गया है। थानाध्यक्ष अवधेश राज सिंह ने गुरुप्रसाद, रसीद अहमद, पवन कुमार सिंह, महेश प्रताप सिंह, अवधेश सिंह, आनन्द प्रताप उर्फ रवि, पवन कुमार मौर्या व सुखराम व 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से मारपीट, बलवा, सरकारी काम में बाधा डालने, आचार संहिता उल्लंघन समेत विभिंन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।