गैर इरादतन हत्या के मामले में नामजद पिता-पुत्रों के जेल जाने के बाद उनके घर पर दूसरे पक्ष के दबंगों ने धावा बोल दिया। उन्होंने घर में रखे गृहस्थी का सामान तोड़फोड़ डाला और लाखों के जेवर लूट लिए। विरोध करने पर हमलावरों ने गृहस्वामी की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों को पीटा और जान की धमकी देकर फरार हो गए।
खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव पुन्नापुर निवासी खान सिंह की पत्नी प्रेम प्यारी देवी ने सोमवार को डीएम और एसपी के नाम प्रार्थना पत्र देकर देकर इसी आशय की शिकायत के साथ कार्रवाई की गुहार की है। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि गैर इरादतन हत्या के एक मामले में नामजद होने के बाद उनके पति खान सिंह और बेटे जितेंद्र और विजय बहादुर अदालत में आत्मसमर्पण करके जेल चले गए हैं।
पीड़ित परिवार के अनुसार हत्या की रंजिश में दूसरे पक्ष के लोग घर में घुस आए। घरेलू सामान में तोड़फोड़ की और जानवरों की रस्सी काटकर उन्हें भगा दिया। बाद में घर में रखा दोनों बहुओं का करीब पांच लाख रुपये का जेवर, अनाज, सरसों के तेल का पीपा, बर्तन आदि लूट लिए। विरोध करने पर दबंग हमलावर हो उठे और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद परिवार की बहुएं घर छोड़कर रिश्तेदारियों में चली गई हैं।