मुकेश की मौत पर दोनों ने एक दूसरे पर लगाए आरोप
पत्नी ने ससुर पर आत्महत्या को उकसाने की दी तहरीर
ससुर ने पुत्रवधू और उसके भाइयों पर हत्या की लगाई तोहमत
सराफा व्यापारी मुकेश वर्मा की मौत के मामले में मृतक की पत्नी और पिता एक दूसरे के खिलाफ सामने खुलकर आ गए है। पत्नी ने ससुर पर जहां आत्महत्या को उकसाने का आरोप लगाया है, वहीं ससुर ने पुत्रवधू और उसके भाइयों पर हत्या की तोहमत लगाई है। पुलिस दोनों ही मामलों की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि रविवार की सुबह रोजा-शाहजहांपुर के बीच किमी संख्या 1332/16 पर मुकेश वर्मा का क्षत विक्षत शव रेलवे लाइन पर मिला था। उसकी बाइक, मोबाइल और कोल्ड ड्रिंक की एक बोतल के साथ लाइन के किनारे छह सुफला खाद की बोरियां भी मिली थीं, जिससे उसकी मौत का राज गहरा गया था। पुलिस को मृतक के पिता नन्हे लाल निवासी अकब मस्जिद थाना कोतवाली ने सोमवार को रोजा थाना में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उसके बेटे मुकेश वर्मा की हत्या उसकी पत्नी और उसके चार भाइयों ने साजिश के तहत कर शव को रेलवे लाइन पर फेंक कर आत्महत्या दर्शाने की कोशिश की है। ससुर नन्हे लाल द्वारा अपनी पुत्रवधू पर कई गंभीर आरोप लगाए है। वहीं मृतक की पत्नी ने पुलिस को रविवार को ही तहरीर में अपने ससुर नन्हे लाल पर मुकेश को आत्महत्या के लिये उकसाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर को रख जांच शुरू कर दी है।
मामले में कुछ रहस्यों में अभी पर्दा उठना बाकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हर पहलू को देखा जा रहा है फिलहाल मामला आत्महत्या का हो सकता है इसके लिये पिता और पत्नी के आचरण को भी परखा जा रहा है और वैज्ञानिक तरीको का भी इस्तेमाल हो रहे है।
कमरूल हसन खां, प्रभारी निरीक्षक रोजा
लाश के पास बरामद बोरियां रेलवे से चोरी नहीं हुई
सराफ मुकेश वर्मा की लाश के पास बरामद बोरियां रेलवे से चोरी नहीं हुई है। इस बात का खुलासा आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक एसपी सिंह ने किया है। उन्होंने बताया कि खाद ले जा रही मालगाड़ी सीतापुर सही सलामत पहुंची है वहां के व्यापारी ने शार्टेज मेमो नहीं दिया अपने पूरे माल की पावती रेलवे को दी है। इससे साफ है कि घटना स्थल पर बरामद बोरी कही और से लाई गयी हैं।