सिंधौली थाने के एक सिपाही को पुवायां के शातिर अपराधी ने पीट दिया। गांव में मामले की व्यापक चर्चा है, लेकिन सिंधौली पुलिस मामले को दबाने में जुटी हुई है। पुवायां पुलिस ने अपराधी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गया।
पुवायां के गांव भूड़ा मैनारी निवासी एक युवक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस समय उक्त अपराधी अपने घर रह रहा है। सोमवार को सिंधौली थाने का एक सिपाही होमगार्ड के साथ गांव पहुंचा और अपराधी को कोतवाली चलने को कहा। अपराधी ने थाने जाने से इंकार कर दिया। ज्यादा जोर देने पर अपराधी और सिपाही के बीच गाली-गलौज होने लगी। गांव के लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अपराधी ने सिपाही को पीट दिया और हंसिया लेकर दौड़ पड़ा। इस पर सिपाही मौके से खिसक लिया। इस दौरान होमगार्ड तमाशबीन बना रहा।
पुवायां के कोतवाली प्रभारी यतेंद्र बाबू भारद्वाज ने बताया कि सिपाही के साथ मारपीट की जानकारी उन्हें नहीं है। गांव भूड़ा मैनारी के अपराधी की तलाश में उन्होंने दबिश दी थी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका।
मारपीट की जानकारी नहीं
सिपाही ने थाने पर मारपीट की जानकारी नहीं दी है। कोतवाली से कोई सिपाही गांव भूड़ा मैनारी नहीं भेजा गया है। सिपाही से जानकारी की जाएगी।
- हरीराम त्रिपाठी, एसएसआई कोतवाली सिंधौली
पीड़ित ने सिपाही पर लगाया ट्रैक्टर छीनने का आरोप
मिर्जापुर। थाना क्षेत्र के गांव पैलानी उत्तर निवासी दलित मुन्नालाल ने थाने के सिपाही सत्यवीर यादव पर मारपीट कर ट्रैक्टर-ट्रॉली छीनने का आरोप लगाते हुए एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में मुन्नालाल ने बताया कि वह गांव के शिवकुमार सिंह का ट्रैक्टर मजदूरी पर चलाता है। शनिवार को वह शिवकुमार की मां की तेरहवीं के बाद टेंट का सामान जलालाबाद पहुंचाकर लौट रहा था। ढाईघाट मार्ग पर गांव बल्देवपुर मोड़ के समीप मिर्जापुर थाने के एक सिपाही ने उसे रोका और ट्रैक्टर की चाबी छीन ली। विरोधकरने पर सिपाही ने उसे जाति सूचक गालियां देते हुए मारपीटा और ट्रैक्टर लेकर थाने चला गया। वह पिटाई के डर से थाने नहीं गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली थाने में खड़ी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने कहा कि गुटैटी गांव में कत्ल हो गया था। लाश रोड किनारे पड़ी थी। लाश थाने ले जाने के लिए ट्रैक्टर लिया गया था। मारपीट का आरोप गलत है।