थाना मगोर्रा क्षेत्र से दो सप्ताह पहले बहलाकर ले जाई गई युवती और आरोपी युवक को मगोर्रा पुलिस व स्वाट टीम शुक्रवार दोपहर को मथुरा लेकर आई। पुलिस ने दोनों को मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने युवक को जेल भेज दिया वहीं युवती को नारी निकेतन भेजा है। शनिवार को युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
बीती दो मई को थाना मगोर्रा के कस्बा सौंख में दूसरे समुदाय की युवती को एक युवक बहलाकर ले गया था। इस मामले में छह मई को कस्बा में धार्मिकस्थलों में तोड़फोड़ और आगजनी कर दी गई। तब से कस्बा में तनाव के चलते दो कंपनी पीएसी और 12 थानों की पुलिस तैनात है।
तीन दिन पहले मगोर्रा थानाध्यक्ष और स्वाट टीम ने युवक व युवती को पश्चिम बंगाल के हावड़ा थाना क्षेत्र में सिनेमा हाल के बाहर पकड़ लिया था। दोनों वहां एक होटल में ठहरे थे। कोलकाता कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद शुक्रवार को दोपहर 12 बजे पुलिस टीम दोनों का मथुरा ले आई। पुलिस ने आते ही युवती के बयान दर्ज किए और युवक व युवती का जिला अस्पताल में चिकित्सा परीक्षण कराया और शाम चार बजे दोनों को कोर्ट में पेश किया।
अभी सौंख में तैनात रहेगी फोर्स
मथुरा। युवती को बहलाकर ले जाने के मामले से कस्बा सौंख में तनाव अब कम होने लगा है। युवती के बरामद होने के बाद इलाके में शांति बनी हुई है। एसओ मगोर्रा ने बताया कि मामले का कोर्ट में निस्तारण होने तक कस्बा में फोर्स तैनात रहेगा।